रायपुर। बस्तर में इस बार दीपावली का उत्सव देशभक्ति और आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बस्तर दौरे के दौरान करणपुर स्थित CRPF कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों के साथ दीपावली मनाई। इस खास मौके पर स्थानीय लोकगीतों की धुन पर जवानों ने जमकर उत्सव मनाया। बस्तर की पहचान बन चुके लोकप्रिय लोकगीत ‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ की धुन बजते ही महिला जवानों ने पारंपरिक नृत्य शुरू कर दिया। प्रधानमंत्री मोदी भी खुद को रोक नहीं पाए और तालियां बजाते हुए जवानों के साथ झूमते नजर आए।

‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ पर जवानों संग झूमे पीएम मोदी

दिवाली के इस आयोजन में बस्तर की लोकसंस्कृति की खास झलक देखने को मिली। जैसे ही लोकप्रिय लोकगीत ‘येदे बस्तर मोचो काय सुंदर माटी’ की धुन गूंजी, महिला सुरक्षा जवान पारंपरिक अंदाज में नृत्य करने लगीं। जवानों ने प्रधानमंत्री मोदी को भी अपने बीच शामिल किया। महिला जवानों ने उनके चारों ओर घूमकर लोकनृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान पीएम मोदी मुस्कुराते हुए तालियां बजाते और जवानों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।

बता दें कि इस लोकगीत के बोल में बस्तर की मिट्टी, उसकी खूबसूरती और स्थानीय पहचान की झलक मिलती है। जवानों के साथ प्रधानमंत्री की मौजूदगी ने इस आयोजन को खास बना दिया। आदिवासी संस्कृति की धुनों के बीच जवानों की खुशी और उत्साह देखने लायक रहा।

जवानों से की मुलाकात, शहीदों को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को बस्तर दौरे के दौरान करणपुर स्थित CRPF की कोबरा बटालियन के कैंप पहुंचे। यहां उन्होंने CRPF, कोबरा, DRG और बस्तर फाइटर्स के जवानों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने उनके अदम्य साहस, समर्पण और देश के प्रति सेवाभाव की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। देशभक्ति गीतों की गूंज, भारत माता की जय और जय हिंद के नारों के बीच जवानों ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।

करीब ढाई घंटे तक करणपुर कैंप में समय बिताने के बाद प्रधानमंत्री मोदी जगदलपुर के मां दंतेश्वरी विमानतल पहुंचे, जहां से वे विमान के जरिए रायपुर के लिए रवाना हुए। इस दौरान CRPF कोबरा के एक जवान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलकर वे काफी खुश हैं। नक्सलवाद के खात्मे को लेकर प्रधानमंत्री ने सभी जवानों को बधाई दी।

राजनीतिक संगठनों में ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर किया सतर्क

वहीं जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर से दिमागी नक्सल को लेकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि जंगलों से सशस्त्र नक्सलवाद का सफाया हो चुका है, लेकिन खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में मौजूद बताए जा रहे ‘दिमागी नक्सलियों’ को लेकर सतर्क रहने की बात कही।

पीएम मोदी ने कहा कि नक्सली कई संगठनों में घुसपैठ कर चुके हैं और लोगों को संविधान तथा लोकतंत्र के खिलाफ उकसाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों की पहचान कर उन्हें हराने की जरूरत पर जोर दिया।

देखिये जवानों संग झूमते PM मोदी का वीडियो-

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H