० भारत हाइड्रोजन ट्रेन चलाने वाला दुनिया का 5वां देश बना, 14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की भी दी सौगात
जींद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया। ट्रेन रवाना करने के बाद प्रधानमंत्री ने एकलव्य स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि “आज इस पवित्र धरती पर आकर मन गदगद हो गया है। जींद आज बीजेपी-एनडीए के सुशासन मॉडल की तस्वीर बन रहा है और पूरा हरियाणा विकास की नई पटरी पर दौड़ रहा है।”
‘जींद में बढ़ेगा इंफ्रास्ट्रक्चर, आएंगी नई कंपनियां’
प्रधानमंत्री ने कहा कि फिलहाल यह ट्रेन करीब 90 किलोमीटर के रूट पर चलेगी, लेकिन भविष्य में इसके विस्तार की व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस तकनीक को और किफायती एवं प्रभावी बनाने के लिए लगातार शोध कर रही है।
उन्होंने बताया कि जींद-सोनीपत के बीच चलने वाली यह दुनिया की सबसे शक्तिशाली हाइड्रोजन ट्रेन है, जिसकी क्षमता 3200 हॉर्सपावर है। इसे भारतीय इंजीनियरों ने डिजाइन किया है और भारतीय कंपनी ने ही तैयार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना से जींद में नए उद्योग आएंगे, इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
CM सैनी बोले- हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज का दिन केवल परियोजनाओं के उद्घाटन का नहीं, बल्कि हरियाणा के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के ग्रीन एनर्जी विजन का परिणाम है कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का गौरव हरियाणा और जींद को मिला है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीक के क्षेत्र में दुनिया को नई दिशा दे रहा है और अब वैश्विक निवेशक भी भारत की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
रेल मंत्री बोले- भारत अब दुनिया के चुनिंदा देशों में शामिल
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत अब उन पांच देशों में शामिल हो गया है जहां हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन हो रहा है। उन्होंने बताया कि जींद में स्थापित हाइड्रोजन प्लांट में तैयार बिजली से यह ट्रेन संचालित होगी और इसका उत्सर्जन केवल पानी की बूंदें और जलवाष्प होगा, जिससे यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल परिवहन प्रणाली है।
14,700 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने हरियाणा को रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य और विरासत संरक्षण से जुड़ी 14,700 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें रेलवे और हाईवे परियोजनाओं के साथ दो नए मेडिकल कॉलेज भी शामिल हैं, जिससे प्रदेश के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे।
स्वच्छता अभियान की भी सराहना
प्रधानमंत्री ने जींद के लोगों की स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि पिछले एक सप्ताह से वे सोशल मीडिया पर यहां चल रहे सफाई अभियान की तस्वीरें और वीडियो देख रहे थे। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि कुछ लोगों ने मजाक में लिखा कि “मोदी जी बार-बार जींद आइए, ताकि सफाई अभियान ऐसे ही चलता रहे।”
जींद की पुरानी यादें भी कीं साझा
प्रधानमंत्री ने अपने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि संगठन के कार्यकाल में उनका जींद से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि “जींद का दूध-दही, देसी बूरा और घेवर आज भी मुझे याद है। यहां के लोगों का अपनापन कभी नहीं भूल सकता।”

