प्रमोद कुमार/भभुआ (कैमूर): भाजपा के राज्यसभा सांसद शिवेश राम ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे और सोशल मीडिया पर चर्चा में बनी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कैमूर के भभुआ में भाजपा के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में पहुंचे सांसद ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियों का बखान किया।

​पीएम के उपहार विवाद पर सांसद का पलटवार

​इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी द्वारा जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी चॉकलेट’ गिफ्ट करने पर विपक्ष के हमलों पर सांसद शिवेश राम ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि यह तुलना करना गलत है। सांसद ने कहा, “एक दौर था जब कांग्रेस के शासनकाल में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जब विदेश जाते थे, तो सुरक्षा जांच के नाम पर उनका अपमान होता था। आज दौर बदल चुका है। अब जहां भी पीएम मोदी जाते हैं, वहां के राष्ट्रप्रमुख उनका गर्मजोशी से स्वागत करते हैं, कई बार तो पैर छूकर सम्मान व्यक्त करते हैं। यह देश के बढ़ते वैश्विक कद का प्रमाण है।” उन्होंने प्रधानमंत्री की लंबी उम्र और उनके नेतृत्व में देश के और अधिक विकास की कामना की।

​’कॉकरोच जनता पार्टी’ और सोशल मीडिया की राजनीति

​सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संदर्भ में सांसद ने कहा कि युवाओं के पास डिग्रियां तो हो सकती हैं, लेकिन राजनीति का कोई अनुभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की टिप्पणी पर कुछ नहीं कहेंगे, लेकिन ऐसी पार्टियां सिर्फ वर्चुअल दुनिया तक सीमित हैं।
​बता दें कि हाल ही में मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी से आहत होकर युवाओं ने खुद को ‘कॉकरोच’ बताते हुए इस पार्टी का गठन किया था। आम आदमी पार्टी के पूर्व सोशल मीडिया सदस्य अभिजीत दीपके द्वारा शुरू की गई इस पार्टी में महज तीन दिनों के भीतर 60 लाख से अधिक सदस्यों के जुड़ने का दावा किया जा रहा है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

​संगठनात्मक बैठक

​सांसद शिवेश राम भभुआ में पार्टी के आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी रणनीतियों पर चर्चा की और पार्टी के जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान करने के निर्देश दिए। सांसद के इस दौरे ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में सरगर्मी बढ़ा दी है।