जींद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 17 जुलाई को प्रस्तावित जींद दौरे से कुछ घंटे पहले उनके कार्यक्रम और यात्रा मार्ग में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। अब उनका हेलीकॉप्टर सीधे जींद रेलवे स्टेशन के समीप स्थित रामलीला ग्राउंड में उतरेगा। यहां से प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करने के लिए हुडा ग्राउंड पहुंचेंगे।
पहले तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री को शहर के मुख्य मार्गों से होकर रैली स्थल तक जाना था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की समीक्षा के बाद यह योजना बदल दी गई। अब उनका काफिला रेलवे स्टेशन से पटियाला चौक, नरवाना चौक और अमरेहड़ी के पास जींद बाईपास होते हुए हैबतपुर रोड के रास्ते रैली स्थल तक पहुंचेगा। गोहाना रोड को पूरी तरह वीवीआईपी रूट से बाहर कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) ने शहर की संकरी और एकल सड़कों पर वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षा की दृष्टि से उपयुक्त नहीं माना था। इसी वजह से अंतिम समय में रूट में बदलाव किया गया।
प्रधानमंत्री का संशोधित कार्यक्रम भी जारी किया गया है। वे शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे जींद पहुंचेंगे। हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन और जनसभा को मिलाकर उनका पूरा कार्यक्रम लगभग 40 से 45 मिनट का रहेगा। इसके बाद वे चंडीगढ़ के लिए रवाना हो जाएंगे।
रूट बदलने से शहरवासियों को मिली राहत
यात्रा मार्ग में बदलाव के बाद गोहाना रोड पर सुरक्षा के लिए दुकानों के आगे लगाई गई बांस की बैरिकेडिंग हटाई जाने लगी है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने इस फैसले का स्वागत किया है। पुराने रूट के लागू रहने पर सिविल अस्पताल, जिला न्यायालय और कई सरकारी कार्यालयों तक पहुंचने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता। नए रूट से शहर के व्यस्त हिस्सों में यातायात का दबाव काफी कम रहने की संभावना है।
रैली स्थल पर व्यापक तैयारियां
प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए हुडा ग्राउंड में विशाल पंडाल और विशेष वीवीआईपी मंच तैयार किया गया है। यहां कुल 10 सार्वजनिक ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें महिलाओं के लिए 4 और पुरुषों के लिए 6 ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक ब्लॉक के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास व्यवस्था की गई है।
रेलवे स्टेशन पर बनेगा पहला पड़ाव
प्रधानमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए पुलिस लाइन के साथ-साथ रेलवे स्टेशन परिसर में भी हेलीपैड तैयार किया गया है। भारतीय वायुसेना की टीम ने दोनों स्थानों पर हेलीकॉप्टर की रिहर्सल भी पूरी कर ली है। प्रधानमंत्री सबसे पहले रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे और वहीं से हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करेंगे।
200 स्कूली बच्चों को मिलेगा सफर का अवसर
उत्तर रेलवे के अधिकारियों ने बताया कि हाइड्रोजन ट्रेन की पहली यात्रा में करीब 200 स्कूली बच्चों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को भी इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनाने के लिए सूची तैयार की जा रही है।
ई-बसों के लिए चार्जिंग की विशेष व्यवस्था
प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाली ई-बसों को ध्यान में रखते हुए 12 अस्थायी हाई-कैपेसिटी चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। वहीं करीब 50 छोटे इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए अलग चार्जिंग पॉइंट भी स्थापित किए गए हैं।
डिजिटल माध्यम से दो और ट्रेनों को दिखाएंगे हरी झंडी
जींद कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री पंजाब में जालंधर से करतोली–पंजाब-अंबाला कैंट एक्सप्रेस तथा छोहरटा–वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस का भी डिजिटल माध्यम से शुभारंभ करेंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव गुरुवार रात जींद पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राज्यपाल असीम घोष भी कार्यक्रम से पहले शहर पहुंचकर प्रधानमंत्री की अगवानी करेंगे। पूरे शहर में एसपीजी कमांडो और सुरक्षा एजेंसियों के जवान तैनात किए गए हैं और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
21 जिलों में होंगे समानांतर कार्यक्रम
हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री के दौरे को राज्यव्यापी आयोजन का स्वरूप दिया है। इसी के तहत 21 जिलों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मंत्रियों और विधायकों की जिम्मेदारियां जिलावार तय की गई हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस के पांच बागी विधायकों के नाम भी विशेष अतिथियों की सूची में शामिल किए गए हैं। मुख्य सचिव कार्यालय ने इस संबंध में सभी जिलों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
- पंजाब कांग्रेस की दिल्ली में अहम बैठक, बैठक में संगठनात्मक बदलाव पर भी हो सकती है चर्चा
- जींद में साढ़े तीन साल के मासूम ने निगला 5 रुपये का सिक्का, डॉक्टरों ने दूरबीन से बचाई जान
- मुस्लिम शिक्षिका ने सेकंड क्लास के हिंदू बच्चों को कलमा पढ़ायाः पैरेंट्स और लोगों का प्रदर्शन, शिक्षिका बर्खास्त, प्रिंसिपल की गिरफ्तारी की मांग
- सरकारी अमला फेल, अब कॉलेज सुधारेंगे आंगनबाड़ियों की हालत! महिला बाल विकास ने उच्च शिक्षा विभाग को लिखा पत्र
- गांवों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य, विकसित पंचायतों से बनेगा विकसित भारत: केशव मौर्य

