राई, सोनीपत: हरियाणा खेल विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रधानमंत्री ने देश के (जेन-जी) Gen Z खिलाड़ियों और युवा खेल प्रतिभाओं से संवाद करते हुए भारत के आगामी खेल भविष्य पर विस्तार से चर्चा की। हरियाणा खेल विश्वविद्यालय उन चुनिंदा संस्थानों में शामिल रहा, जिन्हें इस विशेष संवाद कार्यक्रम में सहभागिता का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में खेलों के भविष्य, युवा खिलाड़ियों की भूमिका, खेलों के विस्तार तथा देश को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और आने वाले समय में देश को अधिक से अधिक खेल विधाओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी।
प्रधानमंत्री ने ओलंपिक में शामिल विभिन्न खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि ओलंपिक में बड़ी संख्या में खेल एवं स्पर्धाएं होती हैं, लेकिन भारत अभी भी कई ऐसी खेल विधाओं में भागीदारी नहीं करता।

उन्होंने कहा कि जब हम किसी खेल में भाग ही नहीं लेते, तो उस खेल में पदक की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। ऐसे में भविष्य की रणनीति के तहत उन खेलों के खिलाड़ियों को भी आवश्यक व्यवस्था, प्रशिक्षण और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, जिनमें भारत ने अब तक अपेक्षाकृत कम भागीदारी की है। इससे देश की विभिन्न खेल विधाओं में उपस्थिति बढ़ेगी और भविष्य में अधिक पदक जीतने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
उन्होंने वर्ष 2036 में भारत में ओलंपिक आयोजित होने की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में तैयारियां और योजनाएं पहले से ही शुरू की जा चुकी हैं। प्रधानमंत्री ने युवा खिलाड़ियों से देश के खेल भविष्य को नई दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
संवाद के दौरान प्रधानमंत्री ने डोपिंग जैसे महत्वपूर्ण विषय पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को डोपिंग के कारण होने वाले नुकसान तथा इसके संभावित व्यक्तिगत, खेल संबंधी और भविष्यगत परिणामों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने खिलाड़ियों से स्वच्छ एवं नैतिक खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथियों के रूप में पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल, एशियन चैंपियनशिप स्वर्ण पदक विजेता एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित सुश्री सरिता मोर तथा राई विधानसभा के मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रतिनिधि शिव कुमार उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय एवं मोतीलाल नेहरू खेलकूद विद्यालय के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विश्वविद्यालय एवं विद्यालय के समस्त शिक्षण, कोचिंग एवं प्रशासनिक स्टाफ की भी कार्यक्रम में उपस्थिति रही।
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने युवा खिलाड़ियों के प्रश्नों एवं सुझावों को सुना तथा उन्हें खेल क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। खिलाड़ियों ने भी अपने अनुभव और जिज्ञासाएं अतिथियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के अगले चरण में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ ली और युवाओं को नशे से दूर रखते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री अशोक कुमार (पूर्व डीजीपी) ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का खिलाड़ियों के साथ यह संवाद युवा खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायी है तथा इससे उन्हें देश के खेल भविष्य में अपनी भूमिका को लेकर नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। राष्ट्रगान के दौरान उपस्थित सभी अतिथियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सम्मानपूर्वक सहभागिता की और राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा एवं समर्पण की भावना को अभिव्यक्त किया।
- शक्कर महंगी तो फूटा गुस्सा! सड़कों पर उतरी कांग्रेस ने राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
- सोनू निगम ने रक्षाबंधन के विज्ञापन पर ज्वैलरी ब्रांड पर साधा निशाना, कहा- मर्यादा का होना चाहिए पालन…
- जालंधर में कर्मचारियों का फूटा गुस्सा! DC दफ्तर के बाहर पुलिस से धक्कामुक्की, दीवार फांदकर सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी
- RLD में ‘सवर्ण सियासत’ की दस्तक! लखनऊ आएंगे जयंत चौधरी, ब्राह्मणों समेत कई बड़े चेहरे थामेंगे पार्टी का दामन
- नरेंद्र खत्री हत्याकांड: 5 दिन बाद भी आरोपी फरार, मुख्य आरोपी पर 1 लाख का इनाम


