वीरेंद्र कुमार, नालंदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रविवार (2 अगस्त) को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बिहारशरीफ स्थित नालंदा कॉलेज में किया गया, जहां ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार, कॉलेज की प्राचार्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
‘नशे के जाल में फंसाने की साजिश’
कार्यक्रम के बाद मंत्री श्रवण कुमार ने छात्रों को नशा मुक्त रहने और समाज को नशे से मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कुछ दुश्मन देश भारतीय युवाओं को नशे के जाल में फंसाने की साजिश रच रहे हैं, जिसे हर हाल में विफल करना होगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होने के साथ नशे से पूरी तरह दूर रहेगा।
सांसद ने की सूखे नशे से बचने की अपील
नालंदा सांसद कौशलेन्द्र कुमार ने युवाओं से इस अभियान का नेतृत्व करने का आह्वान किया और अभिभावकों व शिक्षकों से बच्चों को विशेषकर सूखे नशे की लत से बचाने की अपील की। वहीं मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की शराबबंदी नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
छात्रों ने लिया नशा मुक्त भारत का संकल्प
उन्होंने दावा किया कि राज्य में दूध, मिठाई और सिलाई मशीन की बिक्री बढ़ी है, रेडीमेड कपड़ों की बिक्री में 44 प्रतिशत वृद्धि हुई है, महिला हिंसा में 12 प्रतिशत कमी आई है तथा युवाओं द्वारा होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में 55 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों ने नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।
ये भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव में NDA की एकतरफा जीत तय: संजय झा का बयान, खिलाड़ियों और खेल संस्कृति पर भी रखी बेबाक राय


