प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और वैश्विक पहचान के नए आयाम स्थापित किए हैं। यह कालखंड जनकल्याणकारी योजनाओं और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का प्रतीक है।

धनेश विद्यार्थी,रेवाड़ी। भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गत 12 वर्षों का कार्यकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में विकास, सुशासन, राष्ट्रीय गौरव और जनकल्याण का एक स्वर्णिम अध्याय बनकर उभरा है। वर्ष 2014 में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ शुरू हुई यह विकास यात्रा आज ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन्होंने देश को आत्मनिर्भर, सशक्त और विश्व पटल पर एक प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 का हटना और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करने वाले प्रमुख कदम रहे हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं का बढ़ता हुआ दायरा

जिला अध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों के केंद्र में हमेशा गरीब, किसान, महिला और युवा वर्ग रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि उज्ज्वला योजना ने माताओं और बहनों को धुएं से मुक्ति दिलाई है। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदान किया है, वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने अन्नदाताओं को आर्थिक संबल दिया है। स्वच्छ भारत मिशन एक बड़े जन आंदोलन के रूप में उभरा है और जल जीवन मिशन के माध्यम से करोड़ों ग्रामीण परिवारों तक नल से शुद्ध जल पहुंचाया गया है। हर घर बिजली और बैंक खातों की सुविधा ने अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया है।

आत्मनिर्भर भारत और राष्ट्र प्रथम भावना

आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश को उत्पादन, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में नई दिशा दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर पूरी दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है। यह यात्रा केवल सरकार के कार्यकाल की ही नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सपनों, विश्वास और सामूहिक प्रयासों की जीवंत गाथा है। पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास, सुरक्षा और वैश्विक गौरव के एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। सेवा, सुशासन और समर्पण पर आधारित ये 12 वर्ष राष्ट्र प्रथम की भावना के प्रतीक हैं, जिससे देश का हर नागरिक अपने आप को सशक्त और सुरक्षित महसूस कर रहा है।