फ्रांस के एवियन शहर में आयोजित G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की महत्वपूर्ण मुलाकात हुई। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के विशेष निमंत्रण पर सम्मेलन में शामिल हुए पीएम मोदी ने वैश्विक नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्सा लिया। मोदी और ट्रंप की मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मिडिल ईस्ट संकट के बाद पहली आमने-सामने बातचीत

फरवरी 2025 में शुरू हुए पश्चिम एशिया (मिडिल ईस्ट) संकट के बाद दोनों नेताओं की यह पहली प्रत्यक्ष मुलाकात है। क्षेत्र में बढ़े तनाव और होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने के कारण वैश्विक व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर व्यापक असर पड़ा है। भारत सहित कई देशों की अर्थव्यवस्थाएं भी इस स्थिति से प्रभावित हुई हैं।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात फरवरी 2025 में वाशिंगटन में हुई थी। ऐसे में G-7 सम्मेलन के इतर होने वाली यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

व्यापार, रक्षा और इंडो-पैसिफिक पर रहेगा फोकस

सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, रक्षा सहयोग को मजबूत करने, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा चुनौतियों तथा पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। भारत और अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को नई दिशा देने के लिहाज से भी यह बैठक अहम मानी जा रही है।

G-7 साझेदारों के साथ इन मुद्दों पर चर्चा करेंगे ट्रंप

अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप G-7 देशों के नेताओं के साथ आर्थिक विकास, मजबूत सप्लाई चेन, अवैध प्रवासन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा करेंगे। इसके अलावा महत्वपूर्ण खनिजों (Critical Minerals) की सप्लाई चेन को सुरक्षित बनाने, आर्थिक सुरक्षा बढ़ाने और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर भी जोर दिया जाएगा।

वैश्विक चुनौतियों के बीच बढ़ा बैठक का महत्व

ऐसे समय में जब दुनिया आर्थिक अनिश्चितताओं, भू-राजनीतिक तनाव और आपूर्ति श्रृंखला संबंधी चुनौतियों का सामना कर रही है, पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप की यह मुलाकात वैश्विक राजनीति और भारत-अमेरिका संबंधों के दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m