PM Modi-Pezeshkian Meeting: भारत मंडपम में आयोजित BRICS Summit से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन से द्विपक्षीय मुलाकात की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया यानी मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय हालात पर चर्चा की। पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि भारत सभी विवादों और संघर्षों का समाधान बातचीत और कूटनीति के जरिए किए जाने का समर्थन करता है।
दो हफ्ते से कम समय में दूसरी मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी और मसूद पेजेशकियन की यह दो हफ्ते से भी कम समय में दूसरी बैठक है। इससे पहले दोनों नेता 31 अगस्त को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में आयोजित SCO Summit के दौरान मिले थे। उस मुलाकात में पीएम मोदी ने कहा था कि भारत संघर्ष खत्म करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है।
वहीं, पेजेशकियन ने भारत से अपने व्यापक अंतरराष्ट्रीय संपर्कों का इस्तेमाल कर संबंधित पक्षों को युद्ध और हिंसा से दूर ले जाने तथा संवाद और समझौते की दिशा में आगे बढ़ाने की अपील की थी।
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच अहम मुलाकात
ईरानी राष्ट्रपति का भारत दौरा ऐसे समय हुआ है जब ईरान के खिलाफ अमेरिका के नए आर्थिक प्रतिबंधों के बाद पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ा हुआ है। विदेश मंत्रालय (MEA) के मुताबिक, पीएम मोदी ने क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता, व्यापार एवं आवाजाही की स्वतंत्रता और समुद्री नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चिंता
बैठक में समुद्री मार्गों से जहाजों की निर्बाध आवाजाही के महत्व पर भी जोर दिया गया। होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है। यह दुनिया के सबसे अहम ऊर्जा मार्गों में शामिल है और इसके जरिए वैश्विक पेट्रोलियम आपूर्ति का करीब 20 फीसदी हिस्सा गुजरता है।
भारत-ईरान संबंधों पर भी चर्चा
दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। पीएम मोदी ने BRICS की बैठकों में ईरान की लगातार उच्च-स्तरीय भागीदारी के लिए राष्ट्रपति पेजेशकियन का आभार जताया। साथ ही, ग्लोबल साउथ, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के मुद्दों पर BRICS की भूमिका को रेखांकित किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



