भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी रविवार को होने वाले ओडिशा दौरे को लेकर राजधानी भुवनेश्वर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पूरे शहर में पुलिस बल के 50 प्लाटून तैनात किए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल जटानी के इन्फो वैली-2 स्थित भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अत्याधुनिक ग्रीनफील्ड डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री की सुरक्षा और सुगम आवाजाही को सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशासनिक और पुलिस तैयारियां पूरी कर ली गई है। प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर कमिश्नरेट पुलिस और एसपीजी के वरिष्ठ अधिकारियों ने पहले ही सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।

सुरक्षा व्यवस्था को संभालने के लिए 50 प्लाटून पुलिस बल के साथ-साथ 300 से अधिक पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है। सम्पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसपी, डीसीपी और कमांडेंट रैंक के 10 वरिष्ठ अधिकारी कमान संभालेंगे। इसके अलावा 37 अतिरिक्त एसपी और डीएसपी, तथा 71 इंस्पेक्टर-इन-चार्ज (IIC) अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहेंगे। रूट और वेन्यू की सुरक्षा के लिए कुल 223 सब-इंस्पेक्टर और सहायक सब-इंस्पेक्टर तैनात किए गए हैं। एसपीजी के कड़े निर्देशों के तहत प्रधानमंत्री के चारों ओर चार-स्तरीय अभेद्य सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी के आवाजाही के रूट और सुरक्षा प्रोटोकॉल को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद, प्रधानमंत्री तीन विशेष हेलीकॉप्टरों के काफिले के माध्यम से सीधे इन्फो Valley पहुंचेंगे। कार्यक्रम
संपन्न होने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से खांडगिरि-जयदेव विहार के रास्ते एयरपोर्ट लौटेंगे। इन्फो वैली से खांडगिरि पुलिस स्टेशन तक के रूट पर पड़ने वाली निर्माणाधीन और ऊंची इमारतों की विशेष सुरक्षा जांच के निर्देश दिए गए हैं। ब्लू बुक के दिशा-निर्देशों के तहत सुरक्षा एजेंसियों द्वारा आज 28 वाहनों के साथ कारकेड की रिहर्सल भी की जा रही है। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग दें।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

