० स्वास्थ्य मंत्री आरती राव बोलीं- CM नायब सैनी और PM मोदी के प्रयासों से मजबूत हो रहा हरियाणा का स्वास्थ्य ढांचा, जल्द मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
गुलशन कुमार, नारनौल। हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नारनौल के कोरियावास स्थित महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज एवं 850 बेड के राव तुलाराम अस्पताल का वर्चुअल उद्घाटन किया। लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से बने इस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से पूरे दक्षिण हरियाणा को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
उद्घाटन अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित समारोह में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हजारों लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन और उद्घाटन समारोह का सीधा प्रसारण देखा। इस मौके पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
80 एकड़ में बना अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज
गांव कोरियावास में करीब 80 एकड़ भूमि पर विकसित इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एमबीबीएस की 100 सीटों पर दाखिले शुरू हो चुके हैं। वहीं अस्पताल की ओपीडी सेवाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं। उल्लेखनीय है कि इस परियोजना के लिए गांव की पंचायत ने करीब 80 एकड़ जमीन सरकार को निशुल्क उपलब्ध कराई थी।
स्वास्थ्य मंत्री ने जताया प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार
स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हरियाणा में स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि कोरियावास और भिवानी मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।
जल्द मिलेंगी आधुनिक मशीनें, स्टाफ भर्ती भी जारी
आरती राव ने बताया कि मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार कार्य कर रहा है। पीपीपी मॉडल के तहत अत्याधुनिक मशीनें लगाने की योजना पर काम चल रहा है। डायलिसिस सेवाएं शुरू हो चुकी हैं, जबकि डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भर्ती प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है।
मेडिकल कॉलेज तक बनेगी फोरलेन सड़क
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि मेडिकल कॉलेज तक पहुंचने वाले मार्ग को चौड़ा कर फोरलेन सड़क बनाया जाएगा। इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहले ही राशि स्वीकृत कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग संभालने के बाद 1,100 डॉक्टरों की भर्ती पूरी की गई और सरकारी अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज मिल रहा है।

