PM Modi Birthday 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर बीजेपी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनसेवा और सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए याद कर रही है। इसी क्रम में मुस्लिम समुदाय के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक मंचों ने भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए हैं।

कुरान ख्वानी और देश की तरक्की के लिए दुआ

बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़े मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी के जन्मदिन की शुरुआत कुरान ख्वानी और देश की सुख-समृद्धि के लिए दुआ के साथ की। दिल्ली, लखनऊ, वाराणसी, भोपाल और मुंबई समेत कई शहरों में मस्जिदों, मदरसा परिसरों और मुस्लिम बहुल इलाकों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मुरादाबाद में मुस्लिम महिलाओं ने एकत्र होकर केक काटा और मिठाइयां बांटीं। इसके बाद कुरान की तिलावत कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लंबी उम्र और देश की तरक्की के लिए दुआ की गई। मेरठ में भी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अनवार कुरैशी के घर कार्यक्रम हुआ, जिसमें मुस्लिम समाज के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

दरगाहों पर होगा ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान

शाम को देश की प्रमुख सूफी दरगाहों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान के तहत दीपोत्सव आयोजित किया जा रहा है। अजमेर शरीफ, हजरत निजामुद्दीन औलिया, देवा शरीफ और कछौछा शरीफ समेत कई दरगाहों पर दीये और मोमबत्तियां जलाने की योजना है।

बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली के मुताबिक, यह आयोजन प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित है।

निजामुद्दीन दरगाह पर 723 दीये

दिल्ली में हजरत निजामुद्दीन औलिया दरगाह पर 723 दीये जलाए जाएंगे। कार्यक्रम में चादरपोशी और देश में अमन-शांति, सुख-समृद्धि तथा प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य के लिए विशेष दुआ भी की जाएगी।

वाराणसी में मुस्लिम महिलाओं और स्वयं सहायता समूहों द्वारा दीपोत्सव के साथ भोजन वितरण, फल वितरण, स्वच्छता अभियान और मेडिकल कैंप जैसे सेवा कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m