राकेश कथूरिया, कैथल. सांसद नवीन जिन्दल ने आज आरकेएसडी कॉलेज परिसर में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का उद्घाटन कर कैथल के युवाओं को विश्वस्तरीय कौशल प्रशिक्षण की सौगात दी। उन्होंने सेंटर में बनाई गई लैब और क्लासरूम में जाकर प्रत्येक सुविधाओं का अवलोकन किया।
आज सर्वप्रथम, सांसद नवीन जिन्दल ने आरकेएसडी कॉलेज में पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य नागरिकों और विधार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज अंगीकार दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिलाने के लिए हमने दस साल तक संघर्ष किया। हम सभी को राष्ट्रीय ध्वज से प्रेरणा लेकर कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले इंटरनेशनल स्किल सेंटर लाडवा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय प्लेसमेंट ड्राइव के माध्यम से ओमान, दुबई और जर्मनी सहित अन्य देशों के लिए चयनित हुए युवाओं को सांसद नवीन जिन्दल ने मंच से सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदेश रवाना करते हुए कहा कि यह केवल युवाओं की सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है और आने वाले समय में ऐसे अवसरों का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा।
आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर के शुभारंभ के लिए बधाई देते हुए कहा कि आज के समय में केवल डिग्री नहीं, बल्कि कौशल ही सफलता की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं को बदलती तकनीक के लिए कौशल प्रशिक्षण लेना होगा और इसलिए आज इस कौशल केंद्र की स्थापना की गई है।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने चुनावी संकल्प पत्र में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में दो अंतरराष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का वादा किया था। पहले कुरुक्षेत्र इंटरनेशनल स्किल सेंटर की स्थापना के बाद अब कैथल में आरकेएसडी नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर का शुभारंभ उसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि हमारे निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि कुरुक्षेत्र और कैथल को प्रधानमंत्री SETU योजना के अंतर्गत लगभग 520 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। इस निवेश से दोनों जिलों के आईटीआई आधुनिक तकनीक, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण से सुसज्जित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
आरकेएसडी कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अश्विनी शोरेवाला ने सांसद नवीन जिन्दल का स्वागत करते हुए कहा कि आरकेएसडी कॉलेज सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। नवीन अवसर इंटरनेशनल स्किल सेंटर की स्थापना से विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण मिलेगा और कैथल कौशल विकास के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
इस अवसर पर नवीन जिन्दल फाउंडेशन स्किल डेवलपमेंट के वाइस प्रेसिडेंट डॉ. मनीष मिश्रा ने कहा कि नवीन जिन्दल फाउंडेशन “कैंपस इन कैंपस” कार्यक्रम के माध्यम से अब तक 20 शैक्षणिक संस्थानों में जाकर युवाओं को रोजगारोन्मुख कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर चुका है। कैथल में शुरू हुए इस नए सेंटर में ग्राफिक्स एवं एनीमेशन, ब्यूटी एंड वेलनेस सहित विभिन्न आधुनिक प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। साथ ही विदेशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए भाषा प्रशिक्षण, व्यक्तित्व विकास और अंतर्राष्ट्रीय रोजगार हेतु आवश्यक व्यावसायिक कौशल भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
- जुबीन गर्ग मौत मामले में सिंगर अमृतप्रभा को गुवाहाटी HC से मिली जमानत, सबूतों के अभाव में मिली जमानत
- मिलेट्स की खेती को बढ़ावा : मुख्य सचिव ने ली बैठक, कोदो-कुटकी, रागी और मक्का के उपार्जन पर हुई चर्चा
- ‘नरेंद्र मोदी डरपोक तानाशाह…,’ दिल्ली पहुंचे ही अभिजीत दीपके पीएम मोदी पर भड़के
- बाजरे पर 600 रुपये की मदद को लेकर किसानों की चिंता, सरकार से क्या मांग?
- NMCH पहुंचे निशांत कुमार, नाव हादसे पर बोले- दो बच्चों की हालत स्थिर, सभी को मिलेगा बेहतर इलाज

