फतेहाबाद। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों से अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए कुछ समय तक विदेश यात्राओं को टालने की अपील कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ फतेहाबाद के कांग्रेस विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया इस अपील को दरकिनार कर अमेरिका (USA) निकल गए हैं। विधायक गुरुवार को ही रवाना हुए हैं और वे 28 मई तक विदेश में ही रहेंगे।

दोस्त के जन्मदिन और शादी में शामिल होने गए विधायक

मिली जानकारी के अनुसार, विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया किसी सरकारी काम से नहीं, बल्कि निजी आयोजनों में शामिल होने अमेरिका गए हैं। बताया जा रहा है कि वहां उनके एक करीबी दोस्त का जन्मदिन है और उसी दोस्त के बेटे की शादी भी है। विधायक ने खुद अपनी फेसबुक पोस्ट के जरिए समर्थकों को इस दौरे की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि वे 15 से 28 मई तक विदेश में रहेंगे, लेकिन उनके कार्यालय की टीम जनता की सेवा के लिए हमेशा की तरह उपलब्ध रहेगी।

बीजेपी का हमला: इनके लिए देश नही, मौज-मस्ती जरूरी

विधायक के इस दौरे पर सियासत भी गरमा गई है। बीजेपी के जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा ने विधायक पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पीएम ने देशहित में अपील की थी, लेकिन कांग्रेस नेताओं को देश की आर्थिक स्थिति से कोई लेना-देना नहीं है। इनके लिए अपनी निजी मौज-मस्ती और जश्न ज्यादा जरूरी हैं। जोड़ा ने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने सेवा के लिए चुना है, लेकिन ये छुट्टियां मनाने सात समंदर पार जा रहे हैं।

क्या थी पीएम मोदी की अपील?

बता दें कि बीते रविवार को तेलंगाना में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने देश के बिगड़ते आर्थिक संतुलन और बढ़ते विदेशी खर्च को देखते हुए जनता से कुछ खास अपील की थी। पीएम ने कहा था कि वैश्विक हालात को देखते हुए लोग पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करें, सोना कम खरीदें और शादियों या छुट्टियों के बहाने होने वाली अपनी विदेश यात्राओं को कुछ समय के लिए टाल दें। पीएम ने इसे देशहित में उठाया गया कदम बताया था।

बलवान सिंह दौलतपुरिया फतेहाबाद से दूसरी बार विधायक बने हैं। अक्टूबर 2024 के चुनाव में उन्होंने बीजेपी के दुड़ाराम को नजदीकी मुकाबले में हराया था। अब उनके इस विदेश दौरे ने नए राजनीतिक विवाद को जन्म दे दिया है।