फरीदाबाद। PNB Bank Locker Jewellery Missing : हरियाणा के फरीदाबाद में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के एक लॉकर से करीब 25 लाख रुपये के जेवर और पुराने सिक्के गायब होने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

चाबी से नहीं खुला लॉकर, तकनीकी टीम ने खोला

पीड़िता सुदेश कपूर ने बताया कि ओल्ड फरीदाबाद स्थित बैंक में उनका पिछले 13 वर्षों से लॉकर है। उन्होंने आखिरी बार मई 2024 में लॉकर खोला था, तब सभी जेवर सुरक्षित थे। 21 जुलाई 2026 को जब वह दोबारा बैंक पहुंचीं तो उनकी चाबी से लॉकर नहीं खुला। बैंक ने पहले इसे तकनीकी खराबी बताया और बाद में तकनीकी टीम की मदद से लॉकर खुलवाया।

लॉकर खुलते ही उड़े होश

लॉकर खुलने पर अंदर रखे करीब 25 लाख रुपये के जेवर और पुराने सिक्के गायब मिले। महिला ने आरोप लगाया कि बैंक अधिकारियों ने शुरुआत में पुलिस में शिकायत नहीं करने की सलाह दी और आंतरिक जांच का भरोसा दिया, लेकिन कई दिन बाद भी कोई समाधान नहीं निकला।

पूर्वजों की निशानी भी थी शामिल

पीड़िता का कहना है कि गायब हुए जेवरों में परिवार के पूर्वजों की धरोहर भी शामिल थी। इसलिए इनकी आर्थिक कीमत के साथ भावनात्मक महत्व भी बहुत अधिक है। उन्होंने जल्द से जल्द जेवर बरामद करने की मांग की है।

पुलिस कर रही बैंक रिकॉर्ड की जांच

फरीदाबाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, लॉकर से आठ आभूषण गायब बताए गए हैं। पुलिस बैंक के रिकॉर्ड, लॉकर संचालन प्रक्रिया और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m