सहारनपुर की घंटाघर स्थित PNB शाखा की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये की जाली करेंसी मिली है. मामले में तीन बैंककर्मियों को सस्पेंड किया गया है और पुलिस जांच कर रही है.
सहारनपुर. पंजाब नेशनल बैंक की घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट शाखा की करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये की जाली करेंसी मिलने का मामला सामने आया है. मामला सामने आने के बाद बैंक की करेंसी व्यवस्था और नकदी रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हुए हैं.
तीन बैंककर्मी सस्पेंड
PNB की चीफ मैनेजर सर्किल ऑफिसर सहारनपुर निशा सिंह के मुताबिक, मामले में तीन बैंककर्मियों को सस्पेंड किया गया है. वहीं, बैंक के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर सदर बाजार थाने में जाली नोटों से जुड़े मामले में तीन लोगों को नामजद किया गया है.
नामजद लोगों में मंडल कार्यालय के वरिष्ठ प्रबंधक रवि कुमार, करेंसी चेस्ट प्रबंधक सुशील शर्मा और हरियाणा के जगाधरी स्थित खेरा बाजार करेंसी चेस्ट के प्रबंधक अमित कुमार शामिल हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में जाली करेंसी करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची.
कैश रिकॉर्ड की जांच
करेंसी चेस्ट में अलग-अलग बैंक शाखाओं से नकदी जमा होती है. ऐसे में पुलिस संबंधित शाखाओं से लेकर करेंसी चेस्ट तक के कैश रिकॉर्ड की जांच करेगी.
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि जाली नोट एक साथ जमा हुए थे या अलग-अलग समय में करेंसी चेस्ट तक पहुंचे. पुलिस नकदी जमा कराने वाले कर्मचारियों और संबंधित प्रक्रिया की जानकारी जुटाएगी, साथ ही CCTV फुटेज भी खंगाल सकती है.
4.36 लाख की कमी
इसी करेंसी चेस्ट से जुड़े एक अन्य मामले में मुख्यालय भेजी गई नकदी में 4.36 लाख रुपये की कमी भी सामने आई है. इस मामले में हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है.
एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, दोनों मामलों में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं और कुल चार लोगों को नामजद किया गया है. पुलिस बैंक के दस्तावेज, कैश रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.
जांच पूरी होने के बाद ही करोड़ों रुपये की जाली करेंसी और कैश की कमी के पीछे की पूरी तस्वीर साफ होगी.


