सोनू वर्मा, नूंह। साइबर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ और गैर-कानूनी सामग्री प्रसारित करने के आरोप में मेवाती सिंगर असलम को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यूट्यूब चैनल पर अपलोड गाने पर बढ़ा विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि असलम सिंगर ज़मीदार टॉपिक नामक यूट्यूब चैनल पर अपलोड एक गाने में अवैध गतिविधियों को बढ़ावा दिया गया था। इस गाने में हथियारों का महिमामंडन, रंगदारी और गोलीबारी जैसी घटनाओं का जिक्र था, जिससे समाज में डर का माहौल बनने और युवाओं के गुमराह होने की आशंका थी।

आरोपी को अदालत में किया गया पेश

जिला पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा ताकि मामले की गहराई से जांच हो सके। एसपी डॉ. अर्पित जैन के निर्देश पर पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट्स को बंद कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि इंटरनेट पर आपराधिक प्रवृत्तियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।