हेमंत शर्मा, इंदौर। भंवरकुआं थाना पुलिस ने राहगीर से हुई सोने की चेन स्नैचिंग (लूट) की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी ने अपनी नशे की लत को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था।
सीसीटीवी की मदद से पकड़ाया आरोपी
पुलिस के अनुसार, हाल ही में भंवरकुआं क्षेत्र में एक राहगीर को निशाना बनाकर अज्ञात बदमाश सोने की चेन छीनकर फरार हो गया था। फरियादी की शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया
फुटेज और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध को हिरासत में लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसे नशे की सख्त लत है, जिसकी पूर्ति के लिए पैसों का इंतजाम करने के लिए उसने स्नैचिंग की घटना को अंजाम दिया था।
मुख्य बातें
भंवरकुआं पुलिस ने फुटेज और मुखबिर की मदद से आरोपी को दबोचा। आरोपी ने नशे की लत पूरी करने के लिए की थी लूट। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली है। पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि क्या वह शहर में हुई अन्य स्नैचिंग की वारदातों में भी शामिल था।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


