कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में घरेलू हिंसा और पारिवारिक परेशानियों की मार झेल रहे पांच मासूम भाई-बहनों की दर्दनाक कहानी सामने आई है। मां की मौत के बाद शराबी पिता की रोजाना मारपीट से परेशान होकर पांचों बच्चे घर छोड़कर निकल पड़े। तपती धूप में करीब पांच किलोमीटर तक नंगे पैर चल रहे इन बच्चों पर पुलिस की नजर पड़ी तो सोशल पुलिसिंग की खूबसूरत तस्वीर सामने आई।
दरअसल, मामला ग्वालियर के घाटीगांव थाना क्षेत्र का है। जहां रहने वाले बच्चों की मां का करीब पांच साल पहले मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद पिता शराब के नशे में अक्सर बच्चों के साथ मारपीट करता था। रोज-रोज की प्रताड़ना से तंग आकर पांचों भाई-बहन घर छोड़कर निकल गए और पैदल चलते हुए आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे तक पहुंच गए। सबसे बड़ी बहन की उम्र करीब 12 साल और सबसे छोटी बहन की उम्र 6 साल बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें: बर्थडे-शादी की पार्टी करना होगा मुश्किल! अगर आप भी बना रहे प्लान तो पढ़ें ये खबर, नहीं तो देना पड़ेगा तगड़ा जुर्माना
बड़ी बहन छोटे भाई-बहनों का हाथ पकड़कर करीब पांच किलोमीटर तक पैदल चलती रही। तपती सड़क पर नंगे पैर चलने से बच्चों के पैरों में छाले तक पड़ गए। इसी दौरान पुलिस मोबाइल टीम की नजर बच्चों पर पड़ी। पुलिस उन्हें सुरक्षित थाने लेकर पहुंची, जहां सबसे पहले खाना खिलाया और फिर उनके लिए नए जूते-चप्पलों की व्यवस्था की गई। पुलिस ने बच्चों के दादा-दादी और अन्य परिजनों से संपर्क किया है।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बच्चों को परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। यह घटना एक बार फिर समझा को आइना दिखा रही है कि घरेलू हिंसा और माता-पिता के गलत व्यवहार का सबसे ज्यादा असर मासूम बच्चों पर पड़ता है, जिसके चलते उनका बचपन और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं।

