आशुतोष तिवारी, जगदलपुर। बस्तर में गांजा तस्करी और अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 14 लाख रुपये का गांजा जब्त किया है। नानगुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मोटरसाइकिल सवार एक आरोपी को पकड़ा, जिसके पास से 26 किलो गांजा बरामद हुआ।

आरोपी की निशानदेही पर गांजा खरीदने पहुंचे मध्य प्रदेश के दो अन्य युवकों को भी गिरफ्तार किया गया। इस मामले में कुल तीन आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

वहीं नगरनार थाना क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा बेचते हुए एक आरोपी को पकड़ा गया, जिसके पास से 2 किलो गांजा जब्त किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों मामलों में जब्त गांजे की कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये है। इसके अलावा, तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

