गुलशन कुमार, नारनौल। शहर में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, सीआईए टीम को देर रात सूचना मिली थी कि नायन गांव में पूर्व डेलिगेट यादराम हत्याकांड में शामिल कुछ आरोपी नारनौल के रेवाड़ी रोड स्थित चिंकारा रेस्ट हाउस के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दबिश दी।

पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने भागने की कोशिश की। आरोप है कि उन्होंने पुलिस पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान संजय उर्फ भोलिया नामक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

वहीं उसके साथ मौजूद घनश्याम और आदित्य को भी गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान आरोपियों से एक पिस्टल, एक डोगा और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

बताया जा रहा है कि 22 अप्रैल को नांगल चौधरी के नायन गांव में पूर्व डेलिगेट यादराम की गाड़ियों से कुचलकर हत्या कर दी गई थी। वह रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया था, लेकिन परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि घायल आरोपी संजय उर्फ भोलिया हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से 13 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं राजस्थान निवासी घनश्याम के खिलाफ भी कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस अब तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी।