कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। एमपी के ग्वालियर में आरक्षक अंकित तोमर की संदिग्ध मौत के मामले में जांच लगातार नए मोड़ ले रही है। अब पुलिस की जांच में एक ऐसे युवक का नाम सामने आया है, जो आरक्षक के लापता होने के बाद उसके साथ देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक अंकित तोमर की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है। SSP धर्मवीर सिंह के मुताबिक अंकित के लापता होने के बाद रामहित गुर्जर नाम का युवक उनके साथ देखा गया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने रामहित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

अभी तक की पुलिस जांच में सामने आया है कि रामहित, अंकित को शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी क्षेत्र तक छोड़ने गया था, जहां बाद में आरक्षक का शव बरामद हुआ। अंकित विभागीय डाक लेकर पोहरी जाने के लिए निकले थे और उनके भांजे ने उन्हें बस स्टैंड पर बस में बैठाया था। इसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया और परिजनों का संपर्क टूट गया।

बता दे कि गुरुवार सुबह शिवपुरी लिंक रोड स्थित नवीन लोहा मंडी क्षेत्र में आरक्षक का शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें रामहित की मौजूदगी सामने आई। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।आरक्षक अंकित तोमर की मौत रहस्य बनी हुई है। पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, अन्य सबूतों का कलेक्ट करने का इंतजार किया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m