कासगंज में 6 नवंबर की रात गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के दौरान पुलिस के ड्रोन का संपर्क कंट्रोल रूम से टूट गया. पूरी रात तलाश के बावजूद ड्रोन नहीं मिला, जिसके बाद पुलिस ने नागरिकों से सूचना देने की अपील की है.

कासगंज. में शुक्रवार, 6 नवंबर की रात सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के दौरान पुलिस का सरकारी ड्रोन कैमरा लापता हो गया. सोरों गेट से बाराद्वारी मार्ग के आसपास उड़ रहे ड्रोन का रात करीब 8:30 बजे कंट्रोल रूम से संपर्क टूट गया. पुलिस ने पूरे इलाके में तलाश अभियान चलाया, लेकिन अब तक उसका पता नहीं चल सका है.

कैसे टूटा संपर्क?

जानकारी के मुताबिक, शहर में नियमित गश्त और कानून-व्यवस्था की निगरानी की जा रही थी. इसी दौरान ड्रोन का कंट्रोल रूम से संपर्क अचानक समाप्त हो गया. आशंका जताई जा रही है कि सिग्नल खत्म होने के कारण ड्रोन अपने निर्धारित मार्ग के आसपास ही किसी सुरक्षित जगह पर उतर गया होगा.

रातभर चला तलाशी अभियान

ड्रोन के लापता होने की जानकारी मिलते ही पुलिस बल ने तलाश शुरू कर दी. सोरों गेट से बाराद्वारी क्षेत्र की गलियों, छतों और झाड़ियों में पूरी रात खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.

पुलिस ने की अपील

थानाध्यक्ष जगदीश चंद्र ने शहरवासियों से अपील की है कि यदि किसी को अपने घर की छत, दुकान के आसपास या मोहल्ले में कोई ड्रोन अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पड़ा दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस प्रशासन को दें.

पुलिस के मुताबिक, यह उपकरण आम लोगों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण से जुड़ी निगरानी व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है. ड्रोन की तलाश में नागरिकों से सहयोग मांगा गया है.