भुवेश्वर: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है. बुधवार सुबह इंफोवैली थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ (एन्काउंटर) के दौरान पुलिस ने एक कुख्यात ड्रग्स माफिया को गिरफ्तार किया है. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसकी पहचान पापुन माझी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, वह मूल रूप से ओडिशा के गंजाम जिले के जगन्नाथप्रसाद इलाके का रहने वाला है और राज्य का एक बड़ा नशा तस्कर है.

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, कमिश्नरेट पुलिस की स्पेशल क्राइम यूनिट को पुख्ता सूचना मिली थी कि पापुन माझी इंफोवैली थाना क्षेत्र के अरिसोल के पास देखा गया है. पुलिस को शक था कि वह इलाके में ड्रग्स की किसी बड़ी डील या अवैध गतिविधि के लिए आया था.
इस सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए इलाके में घेराबंदी कर छापेमारी की. पुलिस टीम को देखते ही पापुन माझी ने वहां से भागने की कोशिश की. जब पुलिस ने उसे रुकने को कहा, तो उसने टीम पर गोलियां चला दीं. इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें पापुन के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया.
घायल होने के बाद पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लिया और आपातकालीन इलाज के लिए भुवनेश्वर के कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया. हालांकि, जख्म गहरे होने के कारण डॉक्टरों की सलाह पर उसे बेहतर इलाज के लिए कटक के एससीबी (SCB) मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रेफर कर दिया गया है. फिलहाल वह डॉक्टरों की निगरानी में है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और ओडिशा भर में फैले उसके संगठित ड्रग्स तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है.

