० शाम से लापता था 35 वर्षीय सुमित अग्रवाल, शरीर पर मिले कई चाकू के निशान, बाइक भी गायब
रामगढ़। झारखंड के रामगढ़ शहर में मंगलवार देर रात एक 35 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह गोलपार बगीचा से दामोदर नदी जाने वाली पीसीसी सड़क किनारे युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची रामगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
शरीर पर मिले कई चाकू के निशान
मृतक की पहचान झंडा चौक निवासी सुमित अग्रवाल (35), पिता संतोष अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिले हैं। घटनास्थल से करीब 300 गज दूर सूर्य मंदिर के पास मृतक की चप्पल और नीले रंग की टी-शर्ट भी बरामद हुई है, जिन्हें पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है।
शाम से था लापता, मोबाइल भी हुआ बंद
मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मृतक के ससुर विकास यादव ने बताया कि सुमित मंगलवार शाम घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने कई बार मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन रिसीव नहीं किया और बाद में मोबाइल भी स्विच ऑफ हो गया। बुधवार सुबह उसके शव मिलने की सूचना मिली।
बाइक की तलाश जारी
परिजनों के अनुसार, सुमित अपनी बजाज डिस्कवर बाइक से घर से निकला था। घटना के बाद से बाइक का भी कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस बाइक की तलाश के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
अपराधिक रिकॉर्ड की भी हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, सुमित अग्रवाल के खिलाफ पहले भी गांजा तस्करी, विस्फोटक पदार्थ और प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन व दवाओं की बिक्री सहित कई आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका था। प्रारंभिक जांच में उसके आपराधिक नेटवर्क और पुरानी रंजिशों के एंगल को भी खंगाला जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।


