० चंद्रगुप्त कोल परियोजना क्षेत्र में देर रात चली कार्रवाई, एसपी अमन कुमार ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

हजारीबाग। जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र स्थित चंद्रगुप्त कोल परियोजना के बुकरु ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लगने की सूचना है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जबकि पुलिस ने मौके से एक रिवॉल्वर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमन कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद जिला पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस ने देर रात तक इलाके में जांच और सर्च ऑपरेशन चलाया।


पुलिस कर रही जाँच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को क्षेत्र में संदिग्ध अपराधियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर कार्रवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ हुई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

फिलहाल पुलिस बरामद हथियार और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में अपराधियों की तलाश के लिए सघन तलाशी अभियान जारी है।