ओडिशा के नयागढ़ जिले में एक विवाहित महिला को कथित तौर पर प्रेम प्रस्ताव देने और अश्लील संदेश भेजने के मामले में खंडपाड़ा के एसडीपीओ (SDPO) मदन मोहन प्रधान के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। आरोपों के बाद खंडपाड़ा एसडीपीओ मदन मोहन प्रधान को उनके पद से हटाकर नयागढ़ पुलिस मुख्यालय स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
नयागढ़ मुख्यालय के एसडीपीओ सुदीप्त कुमार साहू को खंडपाड़ा एसडीपीओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। बता दें कि एसडीपीओ और एक विवाहित महिला के बीच बातचीत का एक ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने महिला को होटल आने के लिए मजबूर किया और आपत्तिजनक संदेश भेजे।

पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का आरोप
महिला की शिकायत पर फतेहगढ़ थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने एसडीपीओ की बात मानने से इनकार किया तो अधिकारी ने उनके पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
पीड़िता ने बताया जान को खतरा
पीड़ित महिला ने मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग और हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। महिला का कहना है कि आरोपी एक प्रभावशाली व्यक्ति है, जिससे उनकी जान को खतरा है, इसलिए उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाना चाहिए। पुलिस विभाग ने विभागीय जांच शुरू कर दी है और अधिकारी को मुख्यालय अटैच कर दिया गया है, ताकि जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

