एक्टर सलमान खान (Salman Khan) के घर के बाहर उनकी सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है. पुलिसकर्मी के मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि कॉन्स्टेबल गणेश रयाते, सलमान खान के घर गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर तैनात थे, वो अचानक गिर पड़े. जिसके बाद वहां मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी उन्हें पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने बताया कि उनकी मौत हार्ट अटैक से हुई है.

मिली जानकारी के अनुसार, 7 अगस्त शाम करीब 6 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत भाभा अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में ले जाया गया. हालांकि, डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार, गणेश रयाते मुंबई पुलिस की LA-4 यूनिट में तैनात थे. वह पहले भारतीय सेना में सेवा दे चुके थे और सेना से रिटायर होने के बाद मुंबई पुलिस में शामिल हुए थे.

लॉरेंस बिश्नोई को सलमान से क्या दिक्कत!

बता दें कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के निशाने पर होने के कारण सलमान खान (Salman Khan) की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बिश्नोई 1990 के दशक में सुपरस्टार द्वारा कथित तौर पर काले हिरण (ब्लैक बक) के शिकार का बदला लेना चाहता है. साल 2024 में बाइक पर सवार दो लोगों ने मुंबई के बांद्रा इलाके में एक्टर के घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी. सलमान खान को महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ सिक्योरिटी मिली हुई है. उनके साथ 11 जवान हमेशा साथ रहते हैं.

लॉरेंस बिश्नोई का प्लान था धमकाना

बाद में जांच में पता चला कि फायरिंग का मकसद एक्टर को डराना था और इसे लॉरेंस बिश्नोई के कहने पर अंजाम दिया गया था. बिश्नोई, जो 2022 में पंजाबी स्टार सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद चर्चा में आया था, उसने ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार मामले में कथित तौर पर शामिल होने के लिए सलमान को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी है.