अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले के स्टेशन रोड पर स्थित ‘अनीस होटल’ में प्रशासन ने छापेमारी कर सेक्स रैकेट (देह व्यापार) का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक स्थिति में चार महिलाओं और एक पुरुष को गिरफ्तार किया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में हुई छापेमारी
गुप्त सूचना मिली थी कि डेहरी के स्टेशन रोड पर संचालित कई होटलों में अवैध गतिविधियां और देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए डेहरी के एसडीएम निलेश कुमार ने पुलिस बल के साथ स्टेशन रोड स्थित ‘अनीस होटल’ पर अचानक छापा मारा। इस कार्रवाई से होटल संचालकों और आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई।

बिना आईडी और अपडेट रजिस्टर के चल रहा था खेल
छापेमारी के दौरान होटल के अंदर से चार महिलाओं और एक संदिग्ध पुरुष को हिरासत में लिया गया। एसडीएम निलेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भारी अनियमितताएं पाई गईं। पकड़ी गई महिलाओं का कोई भी पहचान पत्र (ID Card) होटल प्रबंधन द्वारा नहीं लिया गया था। इसके अलावा, होटल का एंट्री रजिस्टर भी पूरी तरह से अद्यतन (Updated) नहीं पाया गया, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
होटल प्रबंधक हिरासत में
प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए होटल के प्रबंधक को भी पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन रोड स्थित अन्य होटलों की भी तलाशी ली गई है, जहां कई अन्य अनियमितताएं भी सामने आई हैं। प्रशासन के इस कड़े रुख से अवैध होटल संचालकों में हड़कंप मच गया है।



