हकीमुद्दीन नासिर, महासमुंद। त्योहारी सीजन के बीच जुए की महफिल भी सजने लगी है। इस पर नकेल कसने के लिए पुलिस भी लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में महासमुंद जिले के ग्राम मुनगासेर में पटेवा पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश देकर जुआ खेलते हुए 8 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कैश, आधा दर्जन बाइक, एक स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल जब्त किए हैं।

जानकारी के अनुसार, त्योहारी सीजन को देखते हुए महासमुंद पुलिस जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी दौरान पटेवा पुलिस ने ग्राम मुनगासेर में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस की इस कार्रवाई में जुआ खेलते हुए 8 आरोपी पकड़े गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 16 हजार रुपये नकद, 6 बाइक, एक स्कॉर्पियो और 5 मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त की गई संपत्ति की कुल कीमत 5 लाख 16 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस ने गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं धारा 112 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 24 घंटे अलर्ट है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H