सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में गोहत्या की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और आरोपियों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि मौके से एक गाय, एक बछड़ा और एक सांड को सकुशल छुड़ा लिया गया। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसके अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, फिरोजपुर झिरका सीआईए प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर रामकिशन, सिपाही हितेश और लियाकत देर रात गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें अगोन गांव में गोहत्या किए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोग कथित रूप से गोहत्या कर रहे थे।पुलिस को देखकर आरोपी मौके से भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल से रावली बांध की ओर भागा, लेकिन रास्ते में उसकी बाइक फिसलकर गिर गई।

पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल आरोपी की पहचान जमशेद पुत्र अब्दुली, निवासी अगोन के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।

तीन गोवंश को सकुशल छुड़ाया

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से एक गाय, एक बछड़ा और एक सांड को सुरक्षित छुड़ाया। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

चार आरोपियों पर केस दर्ज, फरार साथियों की तलाश

सीआईए प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।