सुदीप उपाध्याय, बलरामपुर। वाड्रफनगर तहसील न्यायालय परिसर में जमीन संबंधी मामले की सुनवाई के दौरान हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में शामिल 8 अन्य आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

न्यायालय में सुनवाई के दौरान हुई थी मारपीट
जानकारी के अनुसार, बीते दिन न्यायालय परिसर में जमीन विवाद से जुड़े प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने न्यायालय परिसर के भीतर ही मारपीट शुरू कर दी। घटना के दौरान पक्षकार के अधिवक्ता के साथ भी हाथापाई किए जाने की बात सामने आई है।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आरोपियों पर इन धाराओं के तहत की गई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2), 224, 190, 191(2), 112, 132 एवं 194 के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
वाड्रफनगर पुलिस चौकी क्षेत्र की इस घटना ने न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

