बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में धमतरी के बाद बलौदाबाजार जिले से नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिसकर्मी ग्रामीण को खुलेआम धमकाते नजर आ रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी ग्रामीण से कह रहा है कि तू कौन है, कलेक्टर है, एसपी है, मुख्यमंत्री है कौन है तू? ग्रामीण ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का भी आरोप लगाया है। वहीं इस मामले में एसपी ओपी शर्मा ने उप पुलिस अधीक्षक को जांच के आदेश दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरा मामला गिधौरी का है। बताया जा रहा कि अवैध रेत परिवहन के दौरान पाइपलाइन फुटने पर ग्रामीण और सरपंच के बीच विवाद हुआ। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उनका आक्रामक रवैया कैमरे में कैद हो गया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।



तीन दिनों के भीतर देनी होगी जांच रिपोर्ट
वायरल वीडियो पर एसपी ओपी शर्मा ने संज्ञान लिया है और उपपुलिस अधीक्षक कैंप कसडोल को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आदेश में कहा कि उक्त वीडियो के संबंध में विभिन्न समाचार गाध्यमों में समाचार प्रकाशित होने से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली एवं छवि पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना है। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए आपको निर्देशित किया जाता है कि वायरल वीडियो की सत्यता, घटना का स्थान, दिनांक एवं समय, संबंधित पुलिस अधिकारी/कर्मचारी तथा अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करते हुए संपूर्ण तथ्यों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच करें।
एसपी ने कहा है कि जांच के दौरान संबंधित व्यक्तियों के कथन, उपलब्ध वीडियो फुटेज, दस्तावेजी एवं अन्य आवश्यक प्रमाण संकलित कर यह स्पष्ट करें कि संबंधित पुलिसकर्मी द्वारा कोई अनुशासनाहीनता, कदाचार अथया विभागीय आचरण नियमों का उल्लंघन किया गया है या नहीं। 3 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाए, ताकि प्राप्त तथ्यों के आधार पर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
देखें वायरल वीडियो –
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

