शुभम जायसवाल, राजगढ़। मध्य प्रदेश की राजगढ़ पुलिस ने ब्यावरा सिटी थाना क्षेत्र में हुई 2 करोड़ रुपये की सनसनीखेज ठगी के मामले का खुलासा करते हुए एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। ‘ऑपरेशन मनी ट्रैप’ के तहत पुलिस ने 10 राज्यों में दबिश देकर गिरोह के 14 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.73 करोड़ रुपये नकद, 4 वाहन और 19 एंड्रॉइड मोबाइल सहित कुल 2.92 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की है।

30 हजार किमी पीछा और 3 हजार CCTV खंगाले

राजगढ़ एसपी अमित तोलानी के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने 35 दिनों तक लगातार अभियान चलाया। आरोपियों को दबोचने के लिए पुलिस ने लगभग 30 हजार किलोमीटर तक पीछा किया और 3 हजार से अधिक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले, तब जाकर गिरोह के तार अलग-अलग राज्यों से जुड़े मिले।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

जांच में सामने आया कि गिरोह ने पैसे दोगुने करने का लालच देकर पीड़ित से 2 करोड़ रुपये ठगे थे। आरोपियों ने पीड़ित का विश्वास जीतने के लिए फर्जी कंपनी, फर्जी ई-मेल, कूटरचित दस्तावेज और 4 करोड़ रुपये के आरटीजीएस (RTGS) का फर्जी स्क्रीनशॉट दिखाया था। इसके बाद गिरोह के सदस्य भोपाल में पीड़ित से 2 करोड़ रुपये कैश लेकर चंपत हो गए।

हवाला नेटवर्क से फैलाया पैसा, इंदौर में भी थी ठगी की तैयारी

ठगी की रकम को आरोपियों ने हवाला और आंगड़िया नेटवर्क के जरिए देश के अलग-अलग राज्यों में ट्रांसफर कर दिया था। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने पश्चिम बंगाल और दिल्ली में भी 50-50 लाख रुपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के शिकंजे में आने से पहले यह गिरोह इंदौर में भी एक अगली बड़ी ठगी की योजना बना रहा था। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की तलाश में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m