सुशील खरे, रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के पंचेड़-नामली मार्ग पर स्थित ‘तुलसी वाटर पार्क’ में स्विमिंग पूल की आड़ में अवैध स्पा सेंटर और देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। एसपी अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस टीम ने खुद ग्राहक बनकर इस काले कारोबार का पर्दाफाश किया। छापेमार कार्रवाई के दौरान पुलिस को मौके से थाईलैंड की तीन युवतियां, तीन संदिग्ध युवक और वाटर पार्क का मैनेजर मिला है, जिन्हें हिरासत में ले लिया गया है।

एसपी की फुलप्रूफ प्लानिंग

एसपी अमित कुमार को लंबे समय से तुलसी वाटर पार्क में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना लीक न हो, इसलिए एसपी ने इसे पूरी तरह गोपनीय रखा और एएसपी विवेक कुमार लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। टीम ने सबसे पहले कुछ पुलिसकर्मियों को फर्जी ग्राहक बनाकर वाटर पार्क भेजा। वहां जैसे ही अवैध स्पा और अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि हुई, वैसे ही विशेष टीम ने पूरे परिसर को घेरकर दबिश दे दी।

6 कमरों में थाई मसाज का खेल, आपत्तिजनक सामग्री बरामद

पुलिस की जांच में सामने आया कि वाटर पार्क परिसर के पिछले हिस्से में छह विशेष कमरे बनाए गए थे, जहां स्पा सेंटर की आड़ में यह खेल चल रहा था। तीन अलग-अलग कमरों में थाईलैंड की तीन युवतियां और उनके साथ संदिग्ध परिस्थितियों में तीन युवक मिले। तलाशी के दौरान स्पा के कमरों के डस्टबिन से बड़ी संख्या में उपयोग किए हुए कंडोम और अन्य आपत्तिजनक सामग्री मिली है। पुलिस ने वाटर पार्क के मैनेजर दिलीप ठाकुर को भी हिरासत में लिया है।

लोकल पुलिस को भनक तक नहीं

इस कार्रवाई की सबसे खास बात यह रही कि घटनास्थल से महज कुछ किलोमीटर दूर स्थित नामली थाने की पुलिस को इसकी कानों-कान भनक तक नहीं लगने दी गई। सूचना लीक होने के डर से एसपी ने कार्रवाई में शामिल सभी पुलिसकर्मियों के मोबाइल फोन तक बंद करवा दिए थे। स्थानीय पुलिस की भूमिका संदिग्ध मानते हुए अब उनकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल, पुलिस मामले से जुड़े सभी व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और वाटर पार्क के दस्तावेजों को खंगाल रही है।

राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी प्रत्याशियों का नामांकनः तीसरी सीट पर सस्पेंस बरकरार, कांग्रेस खेमे में

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m