कृष्ण कुमार सैनी, नई दिल्ली। हरियाणा भाजपा में इन दिनों संगठनात्मक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं और इसी बीच प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बडौली की राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद नितिन नबीन से मुलाकात ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। बड़ौली ने खुद सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह शिष्टाचार भेंट थी, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संगठन से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और राष्ट्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन प्राप्त किया गया।

राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को साधारण नहीं मान रहे हैं, क्योंकि हरियाणा में आने वाले समय में संगठनात्मक फेरबदल और चुनावी रणनीति को लेकर भाजपा के भीतर मंथन तेज हो चुका है। ऐसे में प्रदेश अध्यक्ष का सीधे राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलना कई बड़े संकेत दे रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सूत्रों की मानें तो भाजपा अब हरियाणा में अपने संगठन को और धार देने की तैयारी में है और इसी कड़ी में राष्ट्रीय स्तर से लगातार फीडबैक लिया जा रहा है। बड़ौली की यह मुलाकात इसी रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें आगामी राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।

फिलहाल इसे शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन जिस तरह से संगठनात्मक मुद्दों पर बातचीत की बात सामने आई है, उसने साफ कर दिया है कि हरियाणा भाजपा में अंदरखाने बड़ी रणनीति पर काम चल रहा है और आने वाले दिनों में इसके असर भी दिखाई दे सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H