शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति के दो सबसे कद्दावर चेहरे-केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और पूर्व मुख्यमंत्री तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह- एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, भोपाल से दिल्ली जा रही एक ही फ्लाइट में सवार दोनों दिग्गज नेताओं के बीच हुई ‘खास मुलाकात’ ने राजनीतिक गलियारों में अचानक हलचल बढ़ा दी है।

फ्लाइट के अंदर काफी देर तक हुई बातचीत

हवाई जहाज के अंदर की एक तस्वीर सोशल मीडिया और सियासी हलकों में तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें शिवराज सिंह चौहान और दिग्विजय सिंह फ्लाइट के गलियारे (Aisle) में खड़े होकर बेहद सहज अंदाज में बातचीत करते नजर आ रहे हैं। आमने-सामने खड़े होकर दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक चर्चा हुई। दोनों के चेहरे के हाव-भाव देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि बातचीत काफी आत्मीय और गंभीर माहौल में हुई।

सियासी गलियारों में अटकलें तेज

यद्यपि मध्य प्रदेश की राजनीति में एक-दूसरे के धुर विरोधी माने जाने वाले शिवराज और दिग्विजय के बीच व्यक्तिगत और शिष्टाचार संबंध हमेशा बेहतर रहे हैं, लेकिन संसद सत्र और प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच हुई इस अचानक मुलाकात को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। राजनीतिक विश्लेषक इसे केवल शिष्टाचार भेंट मान रहे हैं, तो वहीं गलियारों में इस बात को लेकर भी चर्चा तेज हैं कि दोनों के बीच देश और प्रदेश के किन मुद्दों पर चर्चा हुई होगी।

गौरतलब है कि शिवराज सिंह चौहान के केंद्र में मंत्री बनने के बाद से दिल्ली और भोपाल के बीच दोनों दलों के दिग्गजों की आवाजाही बढ़ी है, लेकिन फ्लाइट के भीतर हुई इस ‘हाई-प्रोफाइल’ मुलाकात ने फिलहाल प्रदेश का सियासी पारा चढ़ा दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m