दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) और भाजपा के बीच एक बार फिर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अरविंद केजरीवाल द्वारा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) को लेकर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। केजरीवाल के बयान पर भाजपा के कई नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर निशाना साधा। पार्टी नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा कि जनता ने हालिया दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना फैसला सुना दिया है और केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट पर मिली हार की भी याद दिलाई।
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर जारी सियासी बयानबाजी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। अरविंद केजरीवाल लगातार इस मुद्दे को उठाते हुए भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री पर दोषियों को बचाने का आरोप लगा रहे हैं। इसी बीच रविवार को एक कार्यक्रम में नितिन नवीन ने केजरीवाल के साथ-साथ राहुल गांधी, अखिलेश यादव का नाम लेते हुए कहा कि हिंदू समाज उनके बहकावे में नहीं आएगा। नितिन नवीन ने कहा, “आज मैं राहुल गांधी, अखिलेश यादव और केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि हिंदू धर्म को इतना कमजोर मत समझिए कि लोग आपके झांसे में आ जाएंगे। जब आपके लोग हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करते हैं, तब आप मौन रहते हैं। सनातन का अपमान उत्तर प्रदेश और देश की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।”
आप कौन हैं?’ वाले सवाल पर बढ़ी सियासी तकरार
राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर जारी बयानबाजी के बीच अरविंद केजरीवाल और BJP के बीच जुबानी जंग और तेज हो गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर उनका बयान साझा किया और लिखा, “आप कौन हैं?” केजरीवाल की इस टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा नेता अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर जवाब देते हुए लिखा, “उस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, जिसने तुम्हें नई दिल्ली विधानसभा से हराया था और फिर तुम अपना मुंह छिपाकर पंजाब भाग गए थे। कुछ याद आया?”
रेखा गुप्ता का पलटवार, बोलीं- ‘अहंकार अभी भी सातवें आसमान पर’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की टिप्पणी पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने तीखा पलटवार किया है। रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए नितिन नवीन का संक्षिप्त परिचय साझा किया। उन्होंने लिखा कि 46 वर्षीय नितिन नवीन विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट का लगातार चार बार प्रतिनिधित्व किया है और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह वर्तमान में संसद के उच्च सदन के सदस्य हैं। मुख्यमंत्री ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा, “आप हताश और निराश हैं, इस बात से सभी अवगत हैं। लेकिन लगता है आपका अहंकार अभी भी सातवें आसमान पर है।” रेखा गुप्ता ने अपनी टिप्पणी में ममता का भी उल्लेख करते हुए कहा कि कभी उन्होंने भी पूछा था, “कौन अमित शाह?” उन्होंने आगे लिखा, “समय हर प्रश्न का उत्तर देता है। अहंकार तो रावण का भी नहीं टिका, आप कौन?”
भाजपा-आप में जुबानी जंग, सौरभ भारद्वाज ने किया पलटवार
दिल्ली प्रदेश आप अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर भाजपा नेता प्रवेश वर्मा का चुनाव प्रचार के दौरान का एक वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। सौरभ भारद्वाज ने दावा किया कि केवल राजनीतिक ताकत के दम पर अरविंद केजरीवाल को नई दिल्ली सीट से हराना संभव नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान पैसे, जूते और साड़ियां बांटी गईं तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया गया। साथ ही उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे का उल्लेख करते हुए भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी निशाना साधा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

