रायपुर. छत्तीसगढ़ में खूंखार नक्सली लीडर हिड़मा को कोटा विधानसभा के कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव द्वारा अपना रोल मॉडल बताने वाले बयान पर सियासत गरमा गई है. उन्होंने कहा था कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासी की अगर हिड़मा रक्षा करता था, तो वह मेरे लिए रोल मॉडल है. उनके इस बयान पर आदिवासी मंत्री केदार कश्यप, भाजपा सांसद संतोष और उपाध्यक्ष नंदन जैन ने तीखा हमला किया है.  

पहले जानिए क्या है पूरा मामला ?

निजी चैनल के एक इंटरव्यू के दौरान एमएलए ने हिड़मा को लेकर बड़ा बयान दिया था. क्या आपके लिए नक्सली हिड़मा रोल मॉडल है? इस सवाल पर विधायक अटल श्रीवास्तव ने कहा था कि जल, जंगल, जमीन और आदिवासियों के लिए वह रोल मॉडल था, रोल मॉडल रहेगा. और अगर वह जल, जंगल, जमीन की रक्षा करता था तो वह मेरे लिए रोल मॉडल है. जंगल को उजाड़ने का काम, जो सरगुजा में चल रहा है. रायगढ़ में चल रहा है. अगर ऐसा कोई काम करेगा तो मैं हिड़मा के साथ हूं.

narayana

उन्होंने कहा कि मैं हिड़मा के विचारधारा का समर्थन नहीं करता. मैं सिर्फ जल, जंगल, जमीन और आदिवासी का समर्थन करता हूं. उसे बचाने के लिए हिड़मा जैसे बहुत सारे लोग आएंगे तो मैं उनके समर्थन में खड़ा रहूंगा.

मंत्री केदार कश्यप ने कहा- क्या कांग्रेस के लिए भी हिड़मा रोल मॉडल है? 

वहीं अब अटल के इस बयान को लेकर बीजेपी हमलावर हो गई है. इस मामले में वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव के बयान से क्या उनके पार्टी के नेता राहुल गांधी भी सहमत है? क्या कांग्रेस के लिए भी नक्सली लीडर हिड़मा रोल मॉडल है. क्या कांग्रेस अटल के बयानों का समर्थन करती है ? इसका जवाब कांग्रेस को, राहुल गांधी को देना चाहिए. नहीं तो कांग्रेस अटल को पार्टी से निकालेगी क्या ?

नक्सली ही उनके आदर्श : संतोष पांडे

भाजपा सांसद संतोष पांडे ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस और अटल श्रीवास्तव के लिए ऐसे नक्सली ही उनके आदर्श हो सकते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राज बब्बर के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए दिए गए उस बयान की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर नक्सलियों को क्रांतिकारी कहा था।

इस पूरे मामले पर भाजपा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के आड़े हाथों लिया है. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने कहा कि देश के गृहमंत्री के दृढ़ संकल्प से छत्तीसगढ़ अब नक्सल मुक्त हो गया है. मगर आज भी कांग्रेस नेता नक्सलवाद, कम्युनिस्ट को बढ़ावा दे रहे हैं, जिसका जीता जाता उदाहरण कांग्रेस के विधायक अटल श्रीवास्तव के बयान से जाहिर हो रहा है. यह कांग्रेसी अपने शीर्ष नेता को खोने के बाद भी झीरम जैसे बड़ी घटना होने के बावजूद नक्सलवाद और नक्सलियों के प्रति सहानुभूति रखते हैं. यह आश्चर्य की बात है. मीडिया के सामने हिड़मा को हीरो बताने वाले अटल श्रीवास्तव के ऊपर जांच होनी चाहिए.

भाजपा के आरोपों पर MLA श्रीवास्तव का पलटवार 

भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव ने पलटवार किया है. उन्होंने Lalluram.com से बातचीत करते हुए कहा कि जो जल, जंगल, जमीन की रक्षा करेगा, हम उसका पूरा समर्थन करते हैं. चाहे वो हिड़मा ही क्यों ना हो. बीजेपी जांच की बात कर रही है तो उसकी भी जांच कराएं, जो सरेंडर नक्सली के साथ चाय कॉफी पीते हैं. मैने ऐसा कही नहीं कहा है कि मैं हिड़मा का समर्थक हूं.

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H