इमरान खान, खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा में बीजेपी के भीतर सियासी खींचतान अब खुलकर सामने आती दिखाई दे रही है। विधायक कंचन तनवे के एक पत्र के वायरल होने के बाद नगर निगम के करोड़ों के विकास कार्यों पर रोक लगने का मामला गरमा गया है। हालांकि बीजेपी संगठन और सांसद इस मामले में बचाव करते हुए अब समन्वय की बात कह रहे हैं।

खंडवा में विधायक कंचन तनवे और महापौर अमृता यादव के बीच चल रही अंदरूनी खींचतान अब सार्वजनिक चर्चा का विषय बन गई है। मामला नगर निगम के करीब एक करोड़ पांच लाख रुपए के छह विकास कार्यों से जुड़ा है, जिनके टेंडर हो चुके थे और वर्क ऑर्डर जारी होना बाकी था। इसी बीच विधायक द्वारा लिखे गए पत्र के बाद इन कामों पर फिलहाल रोक लगा दी गई। बताया जा रहा है कि प्रभावित कार्यों में इंदौर नाका प्रवेश द्वार, सीसी रोड, बाउंड्रीवॉल और जिमखाना ग्राउंड से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। नगर निगम को ऊपर से मिले पत्र के आधार पर वर्क ऑर्डर रोके गए हैं। अब इन कार्यों पर अंतिम फैसला सीएम मॉनिट ए प्लस पोर्टल के माध्यम से होना बताया जा रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद बीजेपी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जहां संगठन ने दोनों पक्षों के बीच समन्वय बनाने की कोशिश की। निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने मीडिया के सामने सफाई देते हुए कहा कि विधायक और महापौर के बीच किसी प्रकार की खींचतान नहीं है और विकास कार्यों को लेकर केवल तकनीकी समन्वय किया जा रहा है।

बता दें कि इस मामले में महापौर अमृता यादव ने कहा था कि ऊपर से पत्र आने के कारण वर्क ऑर्डर रोके गए हैं। दूसरी ओर विधायक कंचन तनवे का कहना है कि विकास कार्य निरस्त नहीं किए गए, बल्कि उनमें संशोधन के लिए प्रक्रिया रोकी गई है। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इसे बीजेपी की अंदरूनी कलह और शक्ति प्रदर्शन से जोड़कर देखा जा रहा है। बीते दिनों विधायक द्वारा नगर निगम के कामों की समीक्षा बैठक लेने के बाद से ही शहर की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी।

निमाड़ संभाग प्रभारी सुरेंद्र शर्मा ने पूरे मामले पर कहा, ऐसा कुछ नहीं है खंडवा विधायक कंचन तनवे और महापौर अमृता यादव खंडवा के विकास को लेकर एक साथ है। आज भी बैठक में दोनों साथ में थी, ऐसा कुछ नहीं है , बीजेपी संगठन वाली पार्टी है, दोनों एक ही रास्ते पर एक ही गाड़ी के पहिए है ओर हम सब इसमें सवार है। कहीं कोई मतभेद नहीं है।

खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कहा कि ,ऐसा कुछ नहीं है पूरे बीजेपी एक है ओर एक होकर खंडवा का विकास हम सब कर रहे है। विधायकों को किसी विभाग की समीक्षा करने का अधिकार है और समीक्षा करने से उसमें से कुछ अच्छी बातों निकलकर आती है। इस लिए विधायक ओर महापौर ने नगर निगम की समीक्षा की है। आज भी विधायक जी जनपद पंचायत की समीक्षा बैठक कर रहे हैं। वायरल पत्र को लेकर उन्होंने कहा कि कोई भी जन्मपत्नी थी विकास कार्य को बाधित नहीं करता है कोई कारण रहा होगा। मुझे इस बारे मे जानकारी नहीं है। लेकिन मेरा मानना है विधायक जी ऐसा नहीं कर सकती। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m