Nandigram By Election: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में उपचुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) सुप्रीमो ममता बनर्जी द्वारा कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने के ऐलान के कुछ ही समय बाद उनकी गिरफ्तारी हो गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मिलन प्रधान को एक पुराने हत्या मामले में गिरफ्तार किया गया है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी मामले की विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

घर-घर प्रचार के दौरान हुई गिरफ्तारी

सूत्रों के अनुसार, मिलन प्रधान शुक्रवार शाम नंदीग्राम ब्लॉक नंबर-2 में रेयापारा से सटे इलाके में घर-घर जाकर चुनाव प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 5:30 बजे के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों का दावा है कि मिलन प्रधान एक पुराने मर्डर केस में आरोपी हैं और उनके खिलाफ वारंट भी जारी हुआ था। गिरफ्तारी इसी मामले के सिलसिले में की गई है। शनिवार को नॉमिनेशन दाखिल करने की आखिरी तारीख है, ऐसे में गिरफ्तारी ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।

ममता ने कांग्रेस उम्मीदवार को दिया समर्थन

दरअसल, शुक्रवार को TMC उम्मीदवार संचिता प्रधान ने मुख्यमंत्री और नंदीग्राम विधायक सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अपना नामांकन वापस लेने का ऐलान किया। इसके बाद ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की।

कांग्रेस ने लगाया राजनीतिक साजिश का आरोप

कांग्रेस ने गिरफ्तारी को लेकर BJP पर राजनीतिक साजिश का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि चुनाव से पहले विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। वहीं, BJP ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पुलिस कानून के मुताबिक अपना काम कर रही है और गिरफ्तारी का राजनीति से कोई संबंध नहीं है। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने भी गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनावों को तमाशा बनाया जा रहा है।

6 अक्टूबर को नंदीग्राम में उपचुनाव

नंदीग्राम में 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। BJP ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा TMC के अलग-अलग गुटों, कांग्रेस, CPI और ISF ने भी उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। संचिता प्रधान के नामांकन वापस लेने और ममता बनर्जी के कांग्रेस को समर्थन देने के बाद मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m