शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में आदिवासियों के घरों और फसलों पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तीखा हमला बोलते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं और आदिवासियों को केवल झूठे आश्वासन दिए जाने की बात कही है।

नेता प्रतिपक्ष ने एक्स (X) पर लिखा

नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए लिखा- बुलडोजर कार्रवाई और फसलें उजाड़ने का आरोप: उन्होंने लिखा कि भाजपा सरकार ने पहले कोसमी में आदिवासियों के घरों और उनकी फसलों पर बुलडोजर चलवाया, और जब आदिवासी अपने हक की लड़ाई लड़ने के लिए सड़कों पर उतरे, तो उन्हें केवल झूठे आश्वासन दिए जा रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बीच चल रहे आपसी तनाव के बीच गरीब आदिवासी पिस रहे हैं।

पार्टी का इतिहास आदिवासियों के अधिकार छीनने का

उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि भाजपा का आदिवासी प्रेम सिर्फ एक दिखावा है। एक तरफ घरों व फसलों को उजाड़ा जाता है और दूसरी तरफ पट्टे देने के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं। जिस पार्टी का इतिहास आदिवासियों के अधिकार छीनने का रहा हो, उसकी बातों पर कैसे भरोसा किया जा सकता है? सरकार से मांग करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी, आदिवासियों को जुबानी जुमलों की नहीं, बल्कि लिखित आश्वासन और उनके अधिकारों की ठोस कानूनी गारंटी की जरूरत है। नेता प्रतिपक्ष के इस तीखे हमले के बाद प्रदेश में आदिवासी अधिकारों और पुनर्वास के मुद्दे पर एक बार फिर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m