शिखिल ब्यौहार, भोपाल। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता मौलाना खलील रहमान सज्जाद नोमानी के एक विवादित बयान ने देश सहित मध्यप्रदेश का भी सियासी पारा गरमा दिया है। मौलाना सज्जाद नोमानी ने अपने बयान में कहा है कि ‘हिंदू अब देश में बहुसंख्यक नहीं रहे’। इस बयान के सामने आते ही हिंदू संगठनों, साधु-संतों और राजनीतिक दलों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। भोपाल में इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जहाँ एक तरफ साधु-संतों ने मौलाना को बोरिया-बिस्तर बांधकर बांग्लादेश भेजने की चेतावनी दी है, तो वहीं बीजेपी और कांग्रेस ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बोरिया-बिस्तर बांध बांग्लादेश भेजने को तैयार
अनिलनाद महाराज, अध्यक्ष, साधु संत सन्यासी समिति ने कहा- “उसकी बुद्धि खराब हो गई लगता है.. बुद्धि ठीक करना पड़ेगी। इस भारत देश में समस्त लोग हिंदू थे, हिंदू हैं और हिंदू ही रहेंगे। यह लोग हिंदुओं को बांटने की राजनीति करते हैं। मैं तो प्रशासन से कहूंगा कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो बार-बार हिंदुओं को बरगला कर धर्मांतरण कराते हैं। मैं उसे चेतावनी देता हूँ कि भारत देश में रहते हो, यह सनातन का देश है। यदि बांटने की राजनीति की तो बोरिया-बिस्तर बांधकर बांग्लादेश भेजना पड़ेगा। हिंदू एक था, एक है और एक ही रहेगा।”
हिंदू बहुसंख्यक है और रहेगा
मनस्वी पाटीदार, प्रदेश प्रवक्ता, बीजेपी ने कहा- “यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पूरी तरह से तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति की जा रही है। इससे समाज में खाई पैदा करने की कोशिश की जा रही है और इस पर पूरी तरह से कानूनी कार्रवाई बहुत जल्द होगी। हमारे देश में इस तरह के बयान पूरी तरह से बर्दाश्त नहीं हैं। इस तरह के लोगों को समाज कभी नहीं छोड़ेगा। इस देश में हिंदू बहुसंख्यक है और रहेगा।”
इस तरह के नफरती बयान सामने आ रहे
जितेंद्र मिश्रा, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस ने कहा- “इस देश में दो ही वर्ग हैं- एक गरीब और एक अमीर। सरकारों को गरीब वर्ग की चिंता करनी चाहिए ताकि उन्हें समान धारा में लाकर खड़ा किया जाए। इस तरह की फिरकापरस्ती की बातें जब से मोदी सरकार आई है, तब से लगातार सामने आ रही हैं। मौलाना ने बयान दिया हो या किसी पंडित ने, सरकार की तरफ से जब तक संरक्षण नहीं मिलता, इस तरह की बयानबाजी नहीं होती। हिंदुस्तान की संस्कृति ऐसी नहीं है। देश में अमीर और गरीब के बीच की खाई को पाटने की बात होनी चाहिए, लेकिन 2014 के बाद जो सरकारें आई हैं, वो ऐसी चीजों को बढ़ावा देती हैं, इसीलिए इस तरह के नफरती बयान सामने आ रहे हैं।”
हिंदुओं को सतर्क और सावधान हो जाना चाहिए
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- पहले लुटेरे बाबर अकबर हुमायूं औरंगज़ेब भारत पर आक्रमण करते थे,राम का मंदिर तोड़ते थे,गाय की गर्दन काटते थे, इन्होंने तलवार की नोक पर हिदुस्तान पर आक्रमण करने की कोशिश की, लेकिन वीर योद्धाओं ने हिंदुस्तान की रक्षा की। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के प्रवक्ता के बयान से साबित हो गया गंगा जमुनी तहजीब का भाषण हिंदुओं को बरगलाने,बहलाने फुसलाने के लिए है।
मुस्लिम संगठनों को हिंदू मुंहतोड़ जवाब देगा
इनके मन में आज भी गजवा ए हिंद हिंदुस्तान पर कब्जा करने की मानसिकता है, इसलिए हिन्दू सतर्क और सावधान हो जाओ धर्म और जाति से ऊपर उठकर हिंदू और हिंदुस्तान की रक्षा केलिए एकजुट हो जाओ। इस तरह के मौलानाओं को बता दो हिंदू और हिंदुस्तान एक ही रहेगा, न तो हिंदू अल्पसंख्यक होगा न मुसलमान को इस देश पर राज करने दिया जाएगा। गजवा ए हिंद की बात करने वाले मुस्लिम संगठनों को हिंदू मुंहतोड़ जवाब देगा। दो दो हाथ करने के लिए भी तैयार रहेगा।

