अजय सैनी, भिवानी। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर वीरवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कांग्रेस के ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी के स्थानीय निवास स्थान पर हुआ, जहां नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी और अनिरूद्ध चौधरी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद कांग्रेसियों ने जिला प्रशासन और मौजूदा सरकार के खिलाफ जन-मुद्दों को लेकर मोर्चा खोला और उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा।

पहले लॉटरी निकाली, फिर घटा दिया मुआवजा: अनिरुद्ध चौधरी

उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन का हवाला देते हुए ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरूद्ध चौधरी ने सिवानी से सोनीपत तक बिछाई जा रही पावर लाइन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि इस लाइन के पोल लगाने के लिए किसानों की कीमती जमीनों का अधिग्रहण किया जा रहा है।

चौधरी ने आरोप लगाया, तय प्रक्रिया के तहत अलग-अलग गांवों के लिए मुआवजा राशि तय हुई थी और 6 मई को इस संबंध में लॉटरी भी निकाली गई। लेकिन 13 मई को किसान प्रतिनिधियों को बुलाकर एक नया लिफाफा खोला गया, जिसमें पहले से निर्धारित कीमत को और घटा दिया गया। यह किसानों की पीठ में छुरा घोंपने जैसा है।

जमीन से जुड़ी होती हैं भावनाएं

कांग्रेस नेताओं ने पूर्ववर्ती यूपीए (UPA) सरकार के भूमि अधिग्रहण कानून की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय बाजार भाव से चार गुना अधिक राशि देने का प्रावधान था। आज सरकार मुआवजे को और घटा रही है, जो पूरी तरह गलत है। किसान की जमीन सिर्फ उसकी आजीविका नहीं, बल्कि उसकी भावना होती है।

भिवानी की हालत दयनीय, बुनियादी सुविधाओं का अकाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस और ज्ञापन के दौरान शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप जोगी ने शहर की स्थानीय समस्याओं और बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि आज भिवानी शहर की हालत बदतर हो चुकी है।

शहर की मुख्य समस्याएं जिन पर घेरा

1.पीने के पानी की भारी किल्लत और बिजली की आंख-मिचौली।

2.टूटी सड़कें और ओवरफ्लो होती सीवरेज व्यवस्था से लोग परेशान।

3.बुनियादी समस्याओं के समाधान न होने से जनता धरने-प्रदर्शन को मजबूर।

जोगी ने कहा कि आसमान छूती महंगाई ने आम आदमी और मध्यम वर्ग की कमर तोड़कर रख दी है और सरकार जनता के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

राजीव गांधी के योगदान को किया याद

इससे पहले कार्यक्रम में देश के विकास में राजीव गांधी के ऐतिहासिक फैसलों को याद किया गया। नेताओं ने कहा कि देश के युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए उन्होंने ही मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष की थी। भारत में कंप्यूटर, आईटी क्रांति और पंचायती राज को मजबूत करने का श्रेय भी उन्हीं को जाता है। इस अवसर पर कांग्रेस के तमाम स्थानीय पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।