रायपुर। स्कूलों में आगामी नए शैक्षणिक सत्र में बदलाव की बयार बहने वाली है. बकौल स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव स्कूलों में रोजाना राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ 2-3 मंत्रों का उच्चारण भी कराया जाएगा. यही नहीं हर दिन एक महापुरुष के जीवन पर 5 मिनट का व्याख्यान भी होगा. इस पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सवाल किया कि क्या सरकार शिशु मंदिर बनाना चाहती है?

यह भी पढ़ें : मुख्यमंत्री साय के पहले ही युकां जिला अध्यक्ष ने कर दिया चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण, निगम प्रशासन पर लगाया यह आरोप…

एआई के जमाने में स्कूलों में शिक्षण पद्धति में तब्दीली के लिए आज स्कूल प्राचार्यों की कार्यशाला आयोजित की गई है, जिसमें गूगल के विशेषज्ञ एआई पर प्राचार्यों को बताएंगे कि इसे शिक्षण का कैसे समाहित किया जा सकता है. सरकार की पहल की जानकारी देते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने बताया कि आने वाले शिक्षा सत्र में कई बदलाव की तैयारी है.

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ 2-3 मंत्रों का उच्चारण भी बच्चों से कराया जाएगा. इसके साथ हर दिन एक महापुरुष के जीवन पर 5 मिनट का व्याख्यान होगा. शनिवार को स्कूलों में स्थानीय खेल और तीज-त्योहार मनाए जाएंगे. स्कूलों में पढ़ाए जाने वाले सहायक वाचन में स्थानीय तीज-त्योहारों को शामिल किया जाएगा. साथ ही साथ योगा, गार्डनिंग और हाउसकीपिंग जैसी गतिविधियां को भी शामिल किया जाएगा.

प्रदेश सरकार के कदम पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने तंज कसते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में अभी तक बच्चों को पुस्तक उपलब्ध नहीं करवा पाए हैं. RTE में एडमिशन नहीं हो रहा है. कई स्कूलों में शिक्षक नहीं हैं, बच्चियों के लिए टायलेट नहीं है. इसके साथ उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार शिशु मंदिर बनाना चाहती है? उन्होंने कहा कि स्कूल में श्लोक पढ़ाने की बजाए इस दिशा में सरकार होमवर्क करे, तो स्कूल बेहतर हो जाएगा.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m