रायपुर। छत्तीसगढ़ में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) को लेकर सियासत गरमा गई है। एक तरफ कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विधानसभा घेराव किया, वहीं दूसरी ओर राज्य के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस केवल गांधी के नाम पर राजनीति करती है और गांधी का नाम लेकर एक परिवार राज करता है। भारतीय जनता पार्टी गांधी के विचारों और उनके आराध्य के बताए रास्ते पर काम कर रही है इसलिए VB-G RAM G लाया गया है। यह पुराने कानून को खत्म करने वाला नहीं उसमें और अधिक परिवर्धन करने वाला है।

विजय शर्मा ने कहा कि मैं कांग्रेस से पूछता चाहता हूं कि मनरेगा और VB-G RAM G में फर्क क्या है? मनरेगा में दो तरह के मूल प्रावधान थे, जिसमें राेजगार और अधोसंरचना का निर्माण शामिल था। VB-G RAM G में तीन तरह के प्रावधान हैं। राेजगार, अधोसंरचना का निर्माण के साथ अजीविका को भी जोड़ा गया है। अजीविका पर काम करना आज हमारे देश की आवश्यकता है। मनरेगा के पूरे प्रवधानों को लेते हुए VB-G RAM G में एक और प्रावधान जोड़ा गया है तो क्या ये गलत है?

बता दें कि विधानसभा में कांग्रेस ने मनरेगा पर स्थगन प्रस्ताव पेश किया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके विरोध में कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है और रोजगार के अवसर घटाए जा रहे हैं।