कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। शहर में भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का जंगी प्रदर्शन देखने के लिए मिला। दिल्ली की एआई इंपैक्ट समिट में कांग्रेस युवा इकाई द्वारा किए गए हंगामे के विरोध में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया, इसी दौरान दूसरी ओर से कांग्रेस ने भी पार्टी का झंडा लहराते हुए बैरिकेड तोड़ने के प्रयास किये।
कांग्रेस कार्यालय तक प्रदर्शन रैली निकाली
दरअसल आज मध्य प्रदेश में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा संभाग स्तर पर जंगी प्रदर्शन का ऐलान किया गया था इसी कड़ी में नदी गेट चौराहे से शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय तक भाजपा युवा मोर्चा द्वारा भारी संख्या में प्रदर्शन रैली निकाली गई।कांग्रेस कार्यालय की ओर कूच के दौरान टकराव की स्थिति ना बने इसको देखते हुए पुलिस द्वारा बैरिकेडिंग की गई थी लेकिन युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बैरिकेडिंग तोड़ने का प्रयास करते हुए नजर आए, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के कार्यकर्ता और नेता भी कार्यालय के बाहर पार्टी का झंडा लहराते हुए नारेबाजी करते हुए दिखाई दिए।
बेटे से रंजिश का बदला पिता सेः बदमाशों ने लोहे के पाइप और डंडों से किया जनलेवा हमला,
कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस फोर्स तैनात
हालांकि 2 घंटे की टकराव की आशंका भरे प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रतीक तिवारी के द्वारा राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। दूसरी ओर विरोध जाहिर करने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा भी प्रधानमंत्री मोदी का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस फोर्स की मौजूदगी होने के चलते मौके से कांग्रेसी पुतला लेकर गायब हो गए। पुलिस फोर्स द्वारा कांग्रेस कार्यालय में पीएम मोदी का पुतला खोजने का प्रयास भी किया गया लेकिन पुलिस को पुतला नहीं मिला। फिलहाल कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।


