सोनू वर्मा, नूह । पुनहाना सदर थाना क्षेत्र के गांव लहारवाड़ी में सोमवार को पुरानी रंजिश के चलते गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अजहरुद्दीन पुत्र इस्माइल के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार अजहरुद्दीन को दो से तीन गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, करीब आठ साल पहले अजहरुद्दीन पर वसीम पुत्र मजीद की हत्या का आरोप लगा था। ग्रामीणों का कहना है कि उसी पुरानी रंजिश को लेकर वसीम के पिता मजीद के पुत्र केश ने कथित तौर पर अजहरुद्दीन को गोली मारकर हत्या कर दी और अपने भाई की मौत का बदला लिया।

घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुनहाना सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच करीब आठ साल से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश को घटना की मुख्य वजह बताया जा रहा है। हालांकि, हत्या की पूरी वजह और आरोपी की भूमिका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में गम और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हत्या से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m