राजकुमार पाण्डेय की कलम से

पद के लिए आधार कार्ड और मार्कशीट में बदली डीओबी

चर्चा भारतीय जनता युवा मोर्चा की कार्यकारिणी को लेकर है. खबर है कि युवा मोर्चा की जिम्मेदारी के लिए अधिकतम आयु 33-35 वर्ष निर्धारित की गई है. आयु सीमा के चलते कई पॉवरफुल प्रमुख दावेदार बाहर हो गए हैं. इनमें से करीब आधा दर्जन युवाओं ने रास्ता निकालने के लिए आधार कार्ड और मार्कशीट स्कैन कर डेट ऑफ बर्थ में साल बदलवा लिया है. स्कैन हुए डॉक्यूमेंटस में उम्र तीन से पांच साल तक कम कर ली गई है. दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा तब हुआ जब पारदर्शिता के लिए एज प्रूफ मांगा गया. खबर है कि सूची में नाम आए तो असली डॉक्यूमेंटस वायरल हो सकते हैं.

एक कारोबारी चार अफसर पर भारी

माजरा राजधानी भोपाल की सबसे पॉवरफुल मानी जाने वाली अरेरा कॉलोनी का है. जहां डामर के ऊपर बनाई जा रही सीमेंट कांक्रीट सड़कों को लेकर कारोबारी और अफसर आमने-सामने हो गए थे. अफसर ने अपने अन्य तीन सहयोगी अफसरों को लेकर यह कहकर सड़क का काम रुकवा दिया था कि डामर रोड मकान के समतल है. सीसी रोड बनने से सड़क मकान के बेस से ऊपर हो जाएगी. अफसरों की जुगलबंदी के चलते पूरा काम ही अटक गया था कि कारोबारी ने ऐसा फॉर्मूला निकाला कि इन चार अफसरों के साथ अन्य अफसरों का जोर काम नहीं आ सका. अब ऊंची सड़क बनाने का काम और अधिक ताकत के साथ जारी है.

ये भी पढ़ें: पॉवर गॉशिप: बीजेपी में महिला गार्ड…भोपाल कलेक्टर के लिए वेटिंग लिस्ट…एसपी से अधिक एडिशनल के जलबे…सनातन की काट सनातन

दूसरी बार कॉल भी नहीं आया काम

एक प्रमुख नगर निगम के अफसर के पास मंत्रीजी का फोन घनघनाया. मंत्रीजी ने अपने समर्थक के लिए इशारों के बजाय अफसर को सीधे-सीधे काम समझा दिया. उम्मीद थी कि महीना-पंद्रह दिन में काम हो जाएगा, लेकिन ऐसा हो नहीं सका. हार थककर समर्थक ने दोबारा मंत्रीजी से गुहार लगाई. पहले तो मंत्री जी ने पंद्रह दिन और इंतजार किया, इसके बाद भी काम नहीं हुआ तो अफसर को फोन कर कहा कि एक काम के लिए मैं दूसरी बार कॉल नहीं करता. दूसरे कॉल को भी पंद्रह दिन का समय होने जा रहा है, खबर है कि समर्थक वाला काम अब भी नहीं हुआ है.

ये भी पढ़ें: पॉवर गॉशिप: ‘अदना’ ने बता दिया सूची हवा-हवाई…विधायक फोन बंद करने की फिराक में…’सच में हम सब घूमने ही गए थे’…एसडीएम पहले फील्ड में रहती थीं

कांग्रेस मीडिया विभाग में ‘जातिवाद’

मध्य प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग इस वक्त दो धड़े में बट चुका है….प्रवक्ताओं को सिलेक्ट करने के लिए टैलेंट हंट के तहत इंटरव्यू हो रहे हैं, लेकिन इन सबके बीच मीडिया टीम में जगह बनाने के लिए जद्दोजहद चल रही है. नेताओं के बीच नूराकुश्ती के साथ-साथ अब जाति का खेल भी चल रहा है. मीडिया विभाग का एक खेमा पार्टी प्रवक्ताओं में ब्राह्मणों के दखल बढ़ने का आरोप लगाता है तो दूसरा समूह एसटी/एससी, ओबीसी के बढ़ते दबदबे का आरोप लगाता है. जिस कांग्रेस के डिपार्टमेंट को सत्ता पक्ष को जवाब देना है वो आपस में खिचड़ी बनाने में व्यस्त है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m