राजकुमार पांडेय की कलम से
बीजेपी में महिला गार्ड
बात बीजेपी प्रदेश कार्यालय की चल रही है. यहां अब सुरक्षा के लिए महिला गार्ड तैनात कर दी गई हैं. पहले चरण में 10 महिला गार्ड को जिम्मेदारी सौंपी है. आधी आबादी के हाथ में सुरक्षा व्यवस्था आने से परिसर की व्यवस्थाओं में बदलाव आ गया है. दरअसल अंदरखाने की खबर यह है कि पिछले दिनों महिलाओं के बीच बनी स्थिति पुरुष गार्ड संभालने में सक्षम नहीं रहे.
एक मंत्री ने की दूसरे मंत्रियों की समीक्षा… हर दिन बड़े साहब के …
भोपाल कलेक्टर के लिए वेटिंग लिस्ट
मध्य प्रदेश की राजधानी में अब नए जिलाधीश आएंगे. तैयारी तो लंबे समय से चल रही है, लेकिन राजनैतिक टिकट की तरह किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है. जैसे-जैसे समय बीत रहा है राजधानी का कलेक्टर बनने की वेटिंग लिस्ट में नए-नए नाम जुड़ते जा रहे हैं. एक पद के लिए कई नामों की दावेदारी होने से अब एक नाम फाइनल हो पाना फिलहाल मुश्किल नजर आ रहा है.
एसपी से अधिक एडिशनल के जलबे
जिला में खाकी में वैसे तो सबसे प्रभावशाली पुलिस कप्तान यानी पुलिस अधीक्षक ही होता है, मालवा के एक जिले में एसपी से अधिक एडिशनल साहब के जलबे हैं. राज्य पुलिस सेवा के अफसर की इस काबलियत के कप्तान भी कायल हैं. जिला स्तर का मामला उलझता है तो सुलझाने की जिम्मेदारी एडिशनल साहब को ही मिलती है. वो अलग बात है कि काबिलयत का फायदा उठाने वाले कप्तान जिले में प्रभाव को लेकर समकक्ष दोस्तों से उदास मन से चर्चा कर दिल हल्का कर लेते हैं.
सनातन की काट सनातन
लोहा को लोहा काटता है तो सनातन की काट सनातन होगी ही. कांग्रेस को यह फॉर्मूला बाखूबी भा गया है. बीजेपी सनातन को लेकर जिस तरह कांग्रेस को कटघरे में खड़ी करती आई है, अब कांग्रेस ने कथाओं के माध्यम से सनातन के असली मायने समझाने का तोड़ निकाला है. हाल में प्रसिद्ध कथा वाचक ने कांग्रेस ज्वाइन की है. अब व्यास पीठ से सनातन की राजनैतिक परिभाषा सुनने को मिले, तो इसमें किसी तरह के आश्चर्य की बात नहीं होगी.

